प्रदेश में पर्यटकों और श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा, वित्त विभाग ने विकास कार्यों के लिए 23 करोड़ रूपये किए स्वीकृत
नरेश गुनानी
जयपुर, 4 अक्टूबर 2025: राज्य बजट घोषणाओं में किए वादों को धरातल पर उतारने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। सतत विकास की दिशा में राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए धार्मिक पर्यटन स्थलों के जीर्णोद्धार, सौंदर्यकरण और विकास कार्यों के लिए वित्त विभाग ने पर्यटन विभाग को कुल 22 करोड़ 93 लाख 12 हजार रूपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
राजधानी में हेरिटेज टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए आइकॉनिक टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में नाहरगढ़ और आमेर में संरक्षण, जीर्णोद्धार और विकास कार्यों के लिए 4 करोड़ 37 लाख 74 हजार रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।
पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए सवाई माधोपुर जिले के रणथम्भौर में त्रिनेत्र गणेश मंदिर में पर्यटन विकास के लिए 2 करोड़ 6 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। पर्यटन विभाग हम्मीर महल से त्रिनेत्र गणेश मंदिर तक सुगम रास्ते का निर्माण करेगा। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, सोलर पैनल और अन्य जनसुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
इसी प्रकार, राजसमंद जिले के प्रसिद्ध द्वारिकाधीश मंदिर में विकास कार्यों के लिए 1 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। मंदिर परिसर में बारादरी का निर्माण, फूड कोर्ट, पार्किंग, परिसर में पेंटिंग और विद्युतीकरण जैसे कार्यों से श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाई जाएगी।
विभिन्न धार्मिक स्थलों पर होगा जीर्णोद्धार और सौंदर्यकरण
वित्त विभाग ने विभिन्न जिलों के मंदिरों और धार्मिक स्थलों के विकास और जीर्णोद्धार के लिए वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं, जिनमें प्रमुख हैं:
- बाड़मेर जिला – रामदेवजी की जन्मस्थली रामदेरिया काश्मीर: 1.04 करोड़ रुपये
- जयपुर, माधोराजपुरा – भोमिया मंदिर: 1.07 करोड़ रुपये
- पाली, डोवा रामजी महाराज तीर्थ, बालरई (रानी): 1.35 करोड़ रुपये
- सिरोही जिला – चामुण्डा माताजी मंदिर: 99.94 लाख रुपये
- उदयपुर जिला – नीमच माता मंदिर: 49.42 लाख रुपये
- बाड़मेर (गुडामलानी) – धुधलेश्वर महादेव: 56 लाख रुपये
- बालोतरा – हल्देश्वर महादेव मंदिर: 53.50 लाख रुपये
- पाली, सुमेरपुर – कुबाजी महाराज तीर्थ, देसूरी: 1.96 करोड़ रुपये
- डीग (कामां) – बरौली धाऊ में ग्रामीण पर्यटन विकास: 2.28 करोड़ रुपये
- भरतपुर जिला – पदम हवेली जीर्णोद्धार: 2.65 करोड़ रुपये
- डीग (कामां) – विमल कुण्ड सौंदर्यकरण: 2.01 करोड़ रुपये
इन विकास और सौंदर्यकरण कार्यों से धार्मिक स्थलों का आकर्षण बढ़ेगा और प्रदेश में पर्यटन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा में सुधार होगा।