प्रदेश में जनवरी 2024 से अब तक खुले 42 नए न्यायालय – विधि एवं विधिक कार्य मंत्री पटेल
नरेश गुनानी। टेलीग्राफ टाइम्स
जयपुर, 9 सितम्बर। विधानसभा में मंगलवार को विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने बताया कि उच्च न्यायालय और राज्य सरकार द्वारा तय मानदंडों के आधार पर प्रदेश में लगातार नए न्यायालय खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2024 से अब तक प्रदेश में 42 नवीन न्यायालय खोले जा चुके हैं।
पटेल प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि जिला न्यायालय की दूरी और मुकदमों की संख्या को देखते हुए नवलगढ़ में अपर जिला न्यायालय खोलने पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
इससे पहले विधायक विक्रम सिंह जाखल के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में पटेल ने स्पष्ट किया कि नवलगढ़ में अपर जिला न्यायालय की स्थापना का मामला राजस्थान उच्च न्यायालय की समिति द्वारा 25 जुलाई 2023 को लंबित प्रकरणों की संख्या को देखते हुए अस्वीकार कर दिया गया था।
पटेल ने कहा कि भविष्य में यदि उच्च न्यायालय से परामर्श और प्रस्ताव प्राप्त होता है, तथा लंबित प्रकरणों की संख्या 1000 से 1200 तक पहुंचती है और वित्तीय संसाधन उपलब्ध होते हैं, तो नवलगढ़ में अपर जिला न्यायालय की स्थापना पर राज्य सरकार विचार कर सकेगी।
उन्होंने प्रदेश में 1 जनवरी 2024 के बाद स्थापित किए गए सभी नवीन न्यायालयों का विस्तृत विवरण भी सदन के पटल पर रखा।