प्रदेश के युवाओं को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का तोहफा – दिसंबर में होगा ‘रोजगार उत्सव’, 20 हजार युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
11 नवम्बर 2025, 10:15 AM
नरेश गुनानी •
जयपुर, 11 नवम्बर। राज्य सरकार ने प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी सौगात की घोषणा की है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर दिसंबर माह में पूरे राजस्थान में भव्य ‘रोजगार उत्सव’ आयोजित किया जाएगा, जिसमें 20 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। यह आयोजन न केवल नियुक्तियों का उत्सव होगा, बल्कि प्रदेश में रोजगार, आत्मनिर्भरता और विकास का नया अध्याय भी खोलेगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी लंबित भर्तियों का शीघ्र निस्तारण कर पात्र अभ्यर्थियों को जल्द से जल्द नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएं। उन्होंने कहा कि “युवा शक्ति ही राजस्थान की सबसे बड़ी ताकत है। सरकार का लक्ष्य है कि हर योग्य युवा को सम्मानजनक रोजगार मिले, ताकि उसकी ऊर्जा प्रदेश निर्माण में लग सके।”
मुख्यमंत्री की पहल पर दिसंबर में आयोजित होने वाले रोजगार मेलों में विभिन्न विभागों की चयन प्रक्रियाएं पूर्ण कर अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके तहत—
- जेल विभाग में 900 जेल प्रहरी,
- पशुपालन विभाग में 2,500 पशुधन सहायक,
- चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में लगभग 14,000 पद,
- ग्रामीण विकास विभाग में 2,600 पद,
- खान विभाग में 100 से अधिक नियुक्तियां दी जाएंगी।
राज्य सरकार के वर्तमान कार्यकाल में अब तक लगभग 92 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। दिसंबर में 20 हजार और नियुक्तियां होने के बाद यह संख्या बढ़कर एक लाख 12 हजार तक पहुंच जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं – विज्ञापन जारी करने से लेकर परीक्षा आयोजन, परिणाम घोषणा और दस्तावेज़ सत्यापन तक – पूरी तरह समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से की जाएं। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कार्मिक और संसाधन लगाए जाएं, ताकि किसी भी स्तर पर देरी न हो।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि दिसंबर में आयोजित होने वाला ‘रोजगार उत्सव’ हजारों परिवारों के जीवन में नई उम्मीद की किरण लेकर आएगा।
यह उत्सव प्रदेश की नई रोजगार नीति का प्रतीक बनेगा, जिसमें सरकार, उद्योग और समाज मिलकर युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से रोजगार सृजन राज्य में एक निरंतर प्रक्रिया बन जाएगी, जो न केवल बेरोजगारी कम करेगी बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था और सामाजिक ढांचे को भी और अधिक सशक्त बनाएगी।