प्रदेश के दृष्टिबाधित विद्यार्थी पढ़ेंगे कंप्यूटर साइंस — शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों की मांग पर की घोषणा, बच्चों संग खेला कैरम
नरेश गुनानी
24 सितम्बर 2025,
जयपुर। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने प्रदेश के सभी चारों राजकीय अंध विद्यालयों में आगामी शैक्षिक सत्र से कंप्यूटर साइंस विषय प्रारंभ करने की घोषणा की है। यह घोषणा उन्होंने जोधपुर के राजकीय अंध विद्यालय, आंगणवा में आयोजित अभिनंदन समारोह के दौरान कक्षा 11 के छात्र विजय भानु की मांग पर की।
मंत्री ने कहा कि दृष्टिबाधितों की सेवा करना ईश्वर की सेवा है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति की तरह ही दृष्टिबाधित भाई-बहन भी राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण धुरी हैं। साथ ही आश्वासन दिया कि बच्चों के लिए खेल मैदान की व्यवस्था भी शीघ्र करवाई जाएगी।
समारोह में मंत्री ने पौधारोपण किया, सौर ऊर्जा पैनल का शुभारंभ किया और छात्रावास परिसर में बच्चों के साथ कैरम खेलते हुए आत्मीय पल साझा किए।
इस अवसर पर बांसवाड़ा से आए पंचायत प्राथमिक शिक्षा अधिकारी नज़बल हुसैन पठान ने मंत्री को माता त्रिपुरा सुंदरी का चित्र भेंट किया। कार्यक्रम में संयुक्त शिक्षा निदेशक ओम सिंह राजपुरोहित, त्रिभुवन सिंह भाटी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे।