प्रदेश की औद्योगिक क्षमता का हो रहा निरंतर विकास — मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रीको को तीन जिलों में भूमि आवंटन की दी मंजूरी
नरेश गुनानी •
02 नवम्बर 2025,
जयपुर, 02 नवम्बर। प्रदेश की औद्योगिक क्षमता में निरंतर वृद्धि और निवेश को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से राज्य सरकार सतत प्रयासरत है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भीलवाड़ा, डीडवाना-कुचामन और फलौदी जिलों में औद्योगिक परियोजनाओं के लिए विभिन्न भूखंडों के आवंटन को मंजूरी दी है।
मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत प्रस्तावों के अनुसार, भीलवाड़ा जिले की तहसील कोटड़ी के ग्राम कोदिया में 20.80 हैक्टेयर भूमि राजस्थान औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम लिमिटेड (रीको) को नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना के लिए आवंटित की गई है।
इसी प्रकार, डीडवाना-कुचामन जिले की तहसील परबतसर के ग्राम भकरी मौलास में 71.59 हैक्टेयर भूमि रीको को औद्योगिक परियोजनाओं के विकास हेतु प्रदान की गई है।
वहीं फलौदी जिले की तहसील आऊ के ग्राम हाजीसागर एवं ग्राम टेणानाड़ी में कुल 49.82 हैक्टेयर भूमि औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के लिए स्वीकृत की गई है।
राज्य सरकार का मानना है कि इन औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना से न केवल स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे, बल्कि इन जिलों में निवेश, बुनियादी ढांचे के विकास और आर्थिक गतिविधियों में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
सरकार के इस निर्णय से प्रदेश में औद्योगिक ढांचे को सशक्त करने और ‘औद्योगिक राजस्थान’ की दिशा में नए अवसर सृजित करने की उम्मीद की जा रही है।