प्रदेशभर में 19 और 21 दिसंबर को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत
लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों के त्वरित निस्तारण की पहल
कुल 11,09,550 प्रकरण सुनवाई के लिए चिन्हित
| सुनील शर्मा
जयपुर, 18 दिसंबर।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार तथा राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में प्रदेशभर में चतुर्थ राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इस व्यापक आयोजन के तहत 19 दिसंबर 2025 को उच्च न्यायालय की पीठों में तथा 21 दिसंबर 2025 को प्रदेश के समस्त अधीनस्थ न्यायालयों, राज्य न्यायालयों, उपभोक्ता आयोगों एवं अन्य प्रशासनिक अधिकरणों में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी।
उच्च न्यायालय पीठों में 19 दिसंबर को आयोजन
राजस्थान उच्च न्यायालय की जयपुर पीठ एवं जोधपुर पीठ में 19 दिसंबर 2025 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
जयपुर पीठ में अपराह्न 3:30 बजे राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एवं कार्यकारी अध्यक्ष, राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा। वहीं जोधपुर पीठ में इसी समय न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, राजस्थान उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ किया जाएगा।
21 दिसंबर को अधीनस्थ न्यायालयों में लोक अदालत
प्रदेश के समस्त जिला एवं अधीनस्थ न्यायालयों में 21 दिसंबर 2025 को राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित होगी। इस अवसर पर सिविल, फौजदारी, राजस्व, बैंक ऋण, मोटर दुर्घटना दावा, विद्युत, जल, दूरसंचार, श्रम विवाद, उपभोक्ता मामले सहित अन्य प्रकरणों का आपसी सहमति एवं राजीनामे के माध्यम से त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
472 बेंचों का गठन, ऑनलाइन–ऑफलाइन सुनवाई
राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल संचालन हेतु प्रदेशभर में अधीनस्थ न्यायालयों में कुल 472 बेंचों का गठन किया गया है। इनमें ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से मामलों की सुनवाई की व्यवस्था की गई है, ताकि अधिकाधिक वादकारियों को सुविधा मिल सके।
11 लाख से अधिक प्रकरण सुनवाई के लिए चिन्हित
15 दिसंबर 2025 तक राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए
- 8,60,152 प्री-लिटिगेशन प्रकरण
- 2,49,398 लंबित न्यायालयीन प्रकरण
इस प्रकार कुल 11,09,550 प्रकरण सुनवाई एवं निस्तारण हेतु चिन्हित किए जा चुके हैं।
उच्च न्यायालयों में चिन्हित प्रकरण
- राजस्थान उच्च न्यायालय, जयपुर पीठ में 3 बेंचों के माध्यम से लगभग 890 लंबित प्रकरण राष्ट्रीय लोक अदालत में रखे गए हैं।
- राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर पीठ में भी 3 बेंचों का गठन कर लगभग 3,324 लंबित प्रकरण राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए संदर्भित किए गए हैं।
आमजन को मिलेगा त्वरित और सरल न्याय
राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से आम नागरिक बिना लंबी न्यायिक प्रक्रिया के, आपसी सहमति से अपने विवादों का सरल, त्वरित एवं किफायती निस्तारण करवा सकेंगे। इससे न्यायालयों पर लंबित मामलों का बोझ कम होने के साथ-साथ वादकारियों को शीघ्र न्याय सुनिश्चित होगा।

