प्रतापगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ में मध्य प्रदेश स्थित 1 करोड़ की अवैध संपत्ति फ्रीज
जयपुर, 29, अगस्त। गौरव कोचर। टेलीग्राफ टाइम्स
प्रतापगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति पर एक और बड़ी कार्रवाई की है। ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत पुलिस ने मध्य प्रदेश के जावरा स्थित एक होटल/लॉज को फ्रीज कर दिया, जिसकी बाजार कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68एफ(1) के तहत की गई।
छापेमारी में मिली थी बड़ी खेप
यह मामला 16 दिसंबर 2024 का है, जब पुलिस ने गुप्त सूचना पर प्रतापगढ़ जिले के देवल्दी गांव में छापा मारा था। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में रसायन और मादक पदार्थ बरामद किए थे, जिनमें 11.450 किलोग्राम लिक्विड एमडीएमए, 14.770 किलोग्राम अन्य लिक्विड केमिकल, 4.900 किलोग्राम केमिकल और 2.500 किलोग्राम सफेद पाउडर शामिल था। साथ ही एमडीएमए बनाने में प्रयुक्त कई उपकरण भी जब्त किए गए थे।
इस प्रकरण में याकूब खां, जमशेद और साहिल निवासी देवल्दी नामक तीन आरोपी फरार हो गए थे।
अवैध कमाई से खरीदी गई संपत्ति
जांच के दौरान यह सामने आया कि मुख्य आरोपी याकूब खां मादक पदार्थों की तस्करी से अवैध कमाई कर रहा था। वित्तीय जांच में यह तथ्य उजागर हुआ कि उसने वर्ष 2024 में अपनी पत्नी बखमीना बी के नाम पर मध्य प्रदेश के जावरा स्थित हुसैन टेकरी क्षेत्र में ‘फातिमा गेस्ट हाउस’ नामक होटल/लॉज खरीदा था। इसकी बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये है।
स्थायी फ्रीजिंग आदेश
प्रतापगढ़ पुलिस द्वारा तैयार किए गए फ्रीजिंग आदेश को सक्षम प्राधिकारी और एडमिनिस्ट्रेटर सफेमा (FOP) एंड NDPS एक्ट, नई दिल्ली को भेजा गया। दो बार की सुनवाई के बाद 20 अगस्त 2025 को आदेश को स्थायी कर दिया गया। इसके बाद 28 अगस्त को थानाधिकारी अरनोद हजारीलाल मीणा द्वारा संपत्ति को फ्रीज कर वहां ‘फ्रीज्ड’ का बोर्ड लगा दिया गया।
अपराधियों को सख्त संदेश
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई को पुलिस ने एक मजबूत संदेश बताया है। पुलिस ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित कोई भी संपत्ति सुरक्षित नहीं रहेगी। अपराधियों और उनके सहयोगियों के खिलाफ ऐसी कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।