जयपुर/ मुस्कान तिवाड़ी/राजस्थान के युवा पैरा शूटर रुद्रांश खंडेलवाल को खेल के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और विशिष्ट उपलब्धियों के लिए प्रतिष्ठित ‘अर्जुन पुरस्कार’ से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
राजस्थान को किया गौरवान्वित
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने अपने संदेश में कहा कि रुद्रांश खंडेलवाल ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निशानेबाजी में असाधारण प्रतिभा, अटूट लगन और कड़े अनुशासन का परिचय देते हुए पूरे राजस्थान का नाम रोशन किया है। उनकी यह ऐतिहासिक उपलब्धि प्रदेश के सभी खेल प्रेमियों और युवाओं के लिए गौरव का क्षण है।
युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा
राज्यपाल ने कहा कि रुद्रांश की यह सफलता प्रदेश के उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे रुद्रांश के समर्पण और संघर्ष से प्रेरणा लेकर विभिन्न खेल विधाओं में आगे आएं और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान को अग्रणी बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। रुद्रांश का चयन राज्य के खेल परिवेश और पैरा-स्पोर्ट्स के बढ़ते प्रभाव को एक नई पहचान देगा।