पेड़ मां के नाम लगाने का लिया संकल्प, पर्यावरण संरक्षण को समर्पित हुई समिति
जयपुर, प्रताप नगर:
By : लोकेंद्र सिंह शेखावत
टेलीग्राफ टाइम्स
जुलाई 27,2025
विकास समिति प्रताप नगर सेक्टर-5 की कार्यकारिणी की एक अहम बैठक रविवार को एसएस टावर में संपन्न हुई, जिसमें क्षेत्रीय विकास और सामाजिक सरोकारों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। समिति के अध्यक्ष शरत चन्द सेठी और महासचिव योगेन्द्र गुप्ता ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि समिति ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान शुरू करने का संकल्प लिया है।
पेड़ लगाकर मां को किया जाएगा नमन
समिति के सदस्यों ने निर्णय लिया कि हर सदस्य एक पेड़ अपनी मां के नाम से लगाएगा। इस पहल के तहत सर्वप्रथम हाउसिंग बोर्ड ऑफिस के पीछे स्थित तिराहे पर खाली पड़ी पार्क की भूमि पर पचास से अधिक छायादार और घने पेड़ लगाए जाएंगे। इसके अलावा, सेक्टर-5 की प्रत्येक गली में भी पौधारोपण किया जाएगा ताकि क्षेत्र को हरित और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके।
ट्रैफिक की समस्या पर भी चर्चा
बैठक में सेक्टर-5 की ट्रैफिक समस्या पर भी चिंता जताई गई। विशेषकर, स्टार हॉस्पिटल के सामने से होकर गुजरने वाले भारी ट्रैफिक को बंद करवाने का प्रस्ताव पास किया गया। समिति ने बताया कि इस मार्ग से आने-जाने वाले भारी वाहनों के कारण स्थानीय निवासियों को रोजाना जाम, धूल और शोर जैसी समस्याओं से जूझना पड़ता है। जल्द ही इस विषय में संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
अन्य मुद्दों पर भी हुई चर्चा
बैठक में क्षेत्र की साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट्स की स्थिति, सीवरेज व्यवस्था और सामुदायिक भवन की मरम्मत जैसे अन्य विकासात्मक मुद्दों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
समिति का मानना है कि जन-सहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकता है। “पेड़ मां के नाम” जैसी पहल न केवल पर्यावरण को समर्पित है, बल्कि सामाजिक भावनाओं को भी सुदृढ़ करती है।

