पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का पुष्कर-अजमेर प्रवास : पुष्कर झील संरक्षण कार्यों के लिए आभार व्यक्त
अजमेर/पुष्कर, 06 सितम्बर। रिपोर्ट हरि प्रसाद शर्मा पुष्कर। संपादन नरेश गुनानी।टेलीग्राफ टाइम्स
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का शनिवार को अल्प प्रवास के दौरान अजमेर आगमन पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सर्किट हाउस में सामाजिक कार्यकर्ता अरुण पाराशर और पुष्कर एनएसयूआई अध्यक्ष मधुसूदन पाराशर ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर गहलोत का माल्यार्पण किया और उन्हें पुष्प गुच्छ व स्मृति चिन्ह भेंट किया।
इस अवसर पर गहलोत को पवित्र पुष्कर ब्रह्म सरोवर का फोटो चित्र भेंट किया गया और पुष्कर झील संरक्षण योजना के तहत 48 करोड़ रुपये की दूरगामी कार्ययोजना स्वीकृत कराने के लिए उनका आभार व्यक्त किया गया।
सरोवर जल स्तर पर चर्चा
गहलोत ने पुष्कर सरोवर के जल स्तर की जानकारी ली। इस पर अरुण पाराशर ने उन्हें वर्तमान स्थिति से अवगत कराया और विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि झील के जल स्तर को बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी और संरक्षण आवश्यक है।
पूर्व कार्यों के लिए आभार
कार्यक्रम में आरटीडीसी के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ द्वारा गत वर्ष 12 करोड़ रुपये की लागत से बनवाए गए बरसाती नाले का भी उल्लेख किया गया। पाराशर ने इस कार्य के लिए भी आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह निर्माण सरोवर में जल प्रवाह बढ़ाने में सहायक साबित हुआ है।
