पूर्व उपराष्ट्रपति स्व. ठाकुर साहब भैरौ सिंह जी को दी गई श्रद्धांजलि
By : लोकेंद्र सिंह शेखावत
टेलीग्राफ टाइम्स
जयपुर, 16 अगस्त 2025
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आज जयपुर में पूर्व उपराष्ट्रपति, प्रातः स्मरणीय स्वर्गीय ठाकुर साहब भैरौ सिंह जी को उनकी समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में खातीपुरा व्यापार मंडल अध्यक्ष भवानी सिंह राठौड़, वरिष्ठ समाजसेवी सुरेंद्र सिंह मीठड़ी, गिरधारी सिंह राठौड़ तथा इंदर सिंह लादडिया सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने उनके योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि भैरौ सिंह जी ने अपने राजनैतिक जीवन में सदैव ईमानदारी, सादगी और लोकहित को सर्वोपरि रखा।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्व. भैरौ सिंह जी का जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उपराष्ट्रपति पद पर रहते हुए उन्होंने न केवल राजस्थान बल्कि पूरे देश की गरिमा को बढ़ाने का कार्य किया। उनके सरल व्यक्तित्व और दूरदर्शी नेतृत्व की छाप आज भी लोगों के दिलों में जीवित है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और जनसेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया तथा स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।