पुष्कर मेले में आपूर्ति विभाग की सख्त कार्रवाई — अवैध घरेलू सिलेंडरों पर कसा शिकंजा
अजमेर, 30 अक्टूबर। (हरिप्रसाद शर्मा)
अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर पशु मेला में इस वर्ष न केवल सांस्कृतिक और धार्मिक रंग नजर आ रहे हैं, बल्कि प्रशासनिक सतर्कता भी पूरे जोश में दिख रही है। राजस्थान सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, अजमेर जिला टीम द्वारा मेले में लगातार बड़ी कार्रवाई की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, विभाग की एनफोर्समेंट टीम ने मेले में संचालित हो रहे होटलों, ढाबों, रेस्तरां और चाय की दुकानों पर जांच अभियान चलाया, जिसमें कई जगहों पर घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया गया। टीम ने मौके पर घरेलू सिलेंडर जब्त किए और संबंधित संचालकों के खिलाफ नोटिस जारी किए।
जांच दल में एनफोर्समेंट इंस्पेक्टर राहुल वेदवाल, मुकेश बुगालिया और महेंद्र यादव शामिल थे, जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में सघन निरीक्षण कर कार्रवाई की। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, अब तक की कार्यवाही में कई एलपीजी सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं और आने वाले दिनों में यह अभियान और भी तेज किया जाएगा।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडर केवल घरेलू उपयोग के लिए अधिकृत हैं, उनका व्यावसायिक उपयोग कानूनी अपराध की श्रेणी में आता है। इस प्रकार की गतिविधियाँ न केवल सुरक्षा के लिए खतरा हैं, बल्कि गैस वितरण व्यवस्था में भी असंतुलन उत्पन्न करती हैं।
विभागीय टीम का कहना है कि पुष्कर मेले की अवधि के दौरान यह जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा, और किसी भी क्षेत्र या दुकान को जांच से अछूता नहीं रखा जाएगा।
आपूर्ति विभाग की यह सख्त मुहिम न केवल सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, बल्कि यह यह भी सुनिश्चित करेगी कि मेले में सभी व्यापारी और सेवा प्रदाता नियमों के दायरे में कार्य करें।