पुष्कर मेला 2025 की तैयारी तेज, मेला अवधि में शराब की दुकानें रहेंगी बंद
बड़ी पुलिया के मरम्मत कार्य के दौरान वाहनों की आवाजाही पर रोक
हरि प्रसाद शर्मा पुष्कर•
अजमेर/पुष्कर, 9 अक्टूबर। विश्वप्रसिद्ध पुष्कर मेला 2025 के सुचारू आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने आवश्यक तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। अजमेर जिला कलक्टर लोक बंधु ने आदेश जारी करते हुए मेला अवधि के दौरान 2 नवम्बर की सुबह से 5 नवम्बर तक सभी शराब की दुकानें और गोदाम बंद रखने के निर्देश दिए हैं। यह निर्णय मेला क्षेत्र में शांति, श्रद्धा और धार्मिक वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।
प्रशासन के अनुसार, पुष्कर मेला हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करता है। ऐसे में मेला अवधि में शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर आबकारी नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बड़ी पुलिया मरम्मत कार्य के चलते यातायात बंद
इसी बीच पुष्कर नगर में स्थित बड़ी पुलिया की मरम्मत का कार्य प्रारंभ हो गया है। यह पुलिया लंबे समय से क्षतिग्रस्त थी, जिसके कारण आए दिन दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा था। प्रशासन ने पुलिया के कार्य पूर्ण होने तक वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से बंद करने के आदेश जारी किए हैं।
मेला निकट आने के कारण प्रशासन शहर में सड़कों और बुनियादी ढांचे की मरम्मत कार्यों को भी गति दे रहा है ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। नगर पालिका और संबंधित विभागों को समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुष्कर मेला 2025 के दौरान पारंपरिक पशु हाट, धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की आमद के साथ इस बार भी नगर में उल्लास और उत्साह का माहौल रहेगा।