पुष्कर मेला 2025 की तैयारियों में तेजी, शहर से अतिक्रमण हटाने की बड़ी मुहिम शुरू
हरि प्रसाद शर्मा• वरिष्ठ पत्रकार
पुष्कर/अजमेर। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर मेला 2025 के आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को पूरी तरह तेज़ कर दिया है। मेला क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ और सुगम यातायात वाला बनाने के लिए नगर कमिश्नर ने अभियान की निगरानी स्वयं संभाल ली है।
नगर कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मेले के दौरान मेला क्षेत्र, मुख्य बाजार, मार्ग और धार्मिक परिधि में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके तहत शहर से अवैध कब्जा हटाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत
रविवार को नगर परिषद की टीम ने अंबेडकर सर्किल क्षेत्र में प्रारंभिक तौर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे फैले अवैध ठेले और कब्जे हटाए गए।
स्थानीय दुकानदारों और ठेलों को सख्त चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में दोबारा अवैध कब्जा पाया गया तो सीधी कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में सहायक अभियंता रेसल सिंह, सफाई निरीक्षक संतोष गुरावा और जमादार दीपक गोयर ने सक्रिय भूमिका निभाई।
प्रशासन की सख्ती और निगरानी
अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केवल शुरुआत है। आने वाले दिनों में नगर कमिश्नर स्वयं मैदान-ए-अमल में रहकर हर कार्रवाई की निगरानी करेंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी प्रकार का प्रभाव, दबाव या असहयोग अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया में बाधक न बने।
नगर कमिश्नर ने साफ संदेश दिया है —
“मेला आने से पहले पुष्कर को अतिक्रमण मुक्त बनाना अब केवल लक्ष्य नहीं, यह हमारा मिशन है।”
मेला क्षेत्र को व्यवस्थित बनाने का उद्देश्य
इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य मेले में आगंतुकों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण प्रदान करना है। अतिक्रमण मुक्त शहर से यातायात में सुधार होगा, धार्मिक स्थलों और मुख्य बाजार में आने-जाने में आसानी होगी और मेले का आयोजन सुरक्षित एवं सुचारू रूप से किया जा सकेगा।
प्रशासन की यह तैयारी पुष्कर मेला 2025 के सफल आयोजन और शहर की सूरत को व्यवस्थित बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।