राजस्थान
पुष्कर में बड़ा हादसा: लोहे के एंगल से टकराई तेज रफ्तार कार, बैलून खुलने से बचे लोग
Edited By : नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
जुलाई 04,2025
(हरिप्रसाद शर्मा) पुष्कर/अजमेर
धार्मिक नगरी पुष्कर में शुक्रवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। शहर की परिक्रमा मार्ग से जुड़ने वाली गुरुद्वारे के पीछे स्थित बड़ी पुलिया पर एक तेज गति से आ रही कार लोहे के सुरक्षा एंगल से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। लेकिन गनीमत रही कि समय रहते एयरबैग (बैलून) खुल गए, जिससे कार में सवार लोगों की जान बच गई।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा देर रात करीब 11 बजे के आसपास हुआ। कार तेज गति से बड़ी पुलिया की ओर बढ़ रही थी। पुलिया पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए प्रशासन द्वारा बीच सड़क पर लोहे के एंगल लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि अंधेरे और रफ्तार की वजह से चालक को एंगल दिखाई नहीं दिए और कार सीधे उनसे जा टकराई।
कार पूरी तरह चकनाचूर
हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को कार से बाहर निकाला। सौभाग्यवश, एयरबैग समय पर खुलने से कार सवारों को गंभीर चोट नहीं आई।
कोई शिकायत नहीं, पर जांच जरूरी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस थाने में अब तक इस हादसे को लेकर कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है। लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी घटनाओं की जांच आवश्यक है, क्योंकि रात के समय सड़क पर लगे सुरक्षा एंगल यदि स्पष्ट रूप से दृष्टिगोचर नहीं हो रहे हैं तो यह और हादसों को न्योता दे सकता है।
स्थानीयों में आक्रोश, प्रशासन पर उठे सवाल
हादसे के बाद क्षेत्रीय नागरिकों में रोष व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया पर लगाए गए लोहे के एंगलों के साथ कोई परावर्तक चिन्ह या चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए हैं, जिससे रात में दृश्यता कम हो जाती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे सुरक्षा उपायों को चिन्हित किया जाए और रोशनी या संकेतक लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।