पुष्कर में फ्लेक्स माफिया पर सख़्ती, कमिश्नर ने दिया अल्टीमेटम – अवैध पोस्टरों पर होगी FIR
रिपोर्ट हरि प्रसाद शर्मा पुष्कर,संपादन नरेश गुनानी,टेलीग्राफ टाइम्स।
पुष्कर/अजमेर। धार्मिक और पर्यटन नगरी पुष्कर में सड़क किनारे लगे दिशा-सूचक बोर्डों और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध फ्लेक्स और होर्डिंग ने शहर की पहचान और सुंदरता को बिगाड़ दिया है। लाल, काले और पीले रंग के इन पोस्टरों ने न केवल सूचना पट्टों को ढक दिया है, बल्कि राहगीरों के लिए दिशा-सूचना प्राप्त करना भी मुश्किल बना दिया है।
शहर की बिगड़ती सूरत को देखते हुए प्रशासन हरकत में आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कमिश्नर ने साफ चेतावनी दी है कि बिना अनुमति और शुल्क जमा कराए किसी भी सरकारी बोर्ड, दिशा-सूचक या सार्वजनिक स्थल पर फ्लेक्स या होर्डिंग लगाने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत संबंधित पुलिस थाने में सीधी एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
कमिश्नर ने यह भी स्पष्ट किया कि नगर की स्वच्छता और सौंदर्य को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों, व्यावसायिक संस्थानों और आयोजकों से अपील की है कि वे प्रचार-प्रसार के लिए वैध स्थानों और निर्धारित शुल्क व्यवस्था का ही पालन करें।
स्थानीय निवासियों और पर्यटकों का कहना है कि अनियंत्रित पोस्टरबाजी से न केवल शहर की छवि धूमिल हो रही है, बल्कि यातायात संकेत और मार्गदर्शन पट्टों को पढ़ पाना भी कठिन हो गया है। प्रशासन की इस सख्ती से उम्मीद है कि पुष्कर की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान को बचाया जा सकेगा और पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा।