पुष्कर में पहली बार होगी धीरेंद्र शास्त्री की हनुमंत कथा, 25 से 27 फरवरी तक होगा भव्य आयोजन
पुष्कर/अजमेर, (रिपोर्ट: हरिप्रसाद शर्मा)। सुनील शर्मा। टेलीग्राफ टाइम्स।
ब्रह्म नगरी पुष्कर में अगले वर्ष धार्मिक आस्था और अध्यात्म का विराट संगम देखने को मिलेगा। बागेश्वर धाम के आचार्य धीरेंद्र शास्त्री की तीन दिवसीय हनुमंत कथा का आयोजन 25 से 27 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। कथा का आयोजन श्री श्याम सनातन सेवा समिति के बैनर तले किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
भव्य पांडाल और भक्तों की विशाल संख्या
आयोजकों के अनुसार कथा स्थल के रूप में पुष्कर के नए मेला मैदान को चुना गया है। यहां डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की क्षमता का विशाल पांडाल तैयार किया जाएगा। आयोजन समिति ने बताया कि कथा के दौरान देशभर से लाखों भक्त पुष्कर पहुंचने की संभावना है, जिसके चलते प्रशासनिक और व्यवस्थात्मक तैयारियों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यक्रम का समय-सारणी
- 25 फरवरी – कथा का शुभारंभ
- 26 फरवरी – प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैयालाल मित्तल की भजन संध्या
- 27 फरवरी – कथा का समापन एवं बागेश्वर धाम का खुला दरबार
आयोजन की अनुमति और व्यवस्थाएँ
जल्द ही प्रशासन की ओर से आयोजन समिति को औपचारिक अनुमति प्रदान की जाएगी। यातायात, सुरक्षा, आवास और भोजन व्यवस्था के लिए विभिन्न उपसमितियाँ बनाई जा रही हैं। आयोजक मंडल का कहना है कि यह आयोजन पुष्कर के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को और अधिक प्रखर बनाएगा।
स्थानीय उत्साह और श्रद्धालु उत्सुकता
पुष्कर में पहली बार धीरेंद्र शास्त्री की कथा होने जा रही है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में गहरी उत्सुकता है। स्थानीय व्यापारी और होटल संचालक भी श्रद्धालुओं की भारी आमद को देखते हुए तैयारियाँ कर रहे हैं।