पुष्कर में दाधीच समाज ने मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

पुष्कर में दाधीच समाज ने मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

समस्त ब्राह्मण समाज हुआ एकजुट, पौराणिक धार्मिक स्थल के संरक्षण की उठी मांग

(हरिप्रसाद शर्मा) पुष्कर/अजमेर।
धार्मिक नगरी पुष्कर में बुधवार को समस्त ब्राह्मण विप्र समाज संगठन समिति ट्रस्ट की अगुवाई में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर उपखंड अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में अजमेर के सावित्री चौराहा स्थित श्री ब्राह्मण दायमा दाधीच पंचायत शिव कुंड की भूमि पर प्रशासन द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों का विरोध दर्ज कराया गया। समाजजनों ने बताया कि यह स्थल वर्षों से दाधीच समाज की निजी संपत्ति है, जहां प्राचीन शिव मंदिर, बालाजी, गणेश जी सहित कई पौराणिक देवालय स्थित हैं। यह स्थल पुष्कर की 24 कोसी यात्रा के प्रमुख पड़ावों में से एक है, जिसका उल्लेख पद्म पुराण, विष्णु पुराण और ब्रह्म पुराण सहित कई ग्रंथों में किया गया है।

समाज प्रतिनिधियों ने बताया कि बैद्यनाथ महादेव, रोजड़ी माता, बादर माता, मकडोल माता, शिव कुंड, झारणेश्वर, गौरीकुंड और कल्पवृक्ष जैसे धार्मिक स्थलों के दर्शन इस यात्रा मार्ग का अभिन्न हिस्सा हैं। 23 अगस्त 1960 को तत्कालीन उपखंड अधिकारी न्यायालय द्वारा की गई राजस्व रिपोर्ट में भी शिव कुंड दाधीच समाज की संपत्ति के रूप में दर्ज है। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा नाला निर्माण कार्य कर इस पौराणिक स्थल को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया जा रहा है।

ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि प्रशासन ने यह कार्य नहीं रोका तो समस्त ब्राह्मण समाज प्रदेशव्यापी आंदोलन करने को बाध्य होगा।

इस अवसर पर उपस्थित विभिन्न संस्थाओं में —
श्री तीर्थ गुरु पुष्कर पुरोहित संघ ट्रस्ट, श्री ब्रह्म पुष्कर सेवा संघ, श्री ब्रह्मा पुष्कर विप्र महासभा, यज्ञ समिति, राजस्थान ब्राह्मण महासभा, अखिल भारतीय पाराशर ब्राह्मण महासभा, समस्त विप्र ब्राह्मण बंधु संगठन, प्रदेश दाधीच ब्राह्मण महासभा, अंतर्राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ, विश्व हिंदू परिषद, दाधीच आश्रम समिति, और सनाथ्य सेवा समिति शामिल रहे।

सभा में पंडित कैलाशनाथ दाधीच, सूरज नारायण पाराशर, अरुण बाबू पाराशर, कमल, रघु पारीक, नेहरू पंडित, कमल वशिष्ठ, सुरेंद्र राजोरिया, कृष्ण गोपाल वशिष्ठ, पवन भाभड़ा, धनराज, नरसी बाबू, अशोक बाबू, रामकरण मेघवाल, जैकी दादा, गोविंद पाराशर, संजय पाराशर, नीरज मिश्रा, गणेश पारीक, कुलदीप दाधीच, आशुतोष शर्मा सहित अनेक प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान समाजजनों ने “ब्राह्मण एकता जिंदाबाद”, “प्रशासन हठ धर्मिता नहीं करें” और “जय परशुराम” के नारों के साथ अपनी एकता और विरोध की भावना प्रकट की।

ज्ञापन के माध्यम से समाज ने सरकार से यह मांग की कि

  • दाधीच समाज की संपत्ति शिव कुंड क्षेत्र में किसी भी प्रकार का नाला निर्माण या अधिग्रहण कार्य तत्काल रोका जाए।
  • पुरातन धार्मिक धरोहरों का संरक्षण सुनिश्चित किया जाए।
  • प्रशासनिक अधिकारियों को ऐसे संवेदनशील धार्मिक स्थलों के महत्व से अवगत कराया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों।

ब्राह्मण समाज ने कहा कि यह आंदोलन धार्मिक आस्था और विरासत की रक्षा के लिए है और जब तक समाधान नहीं होता, संघर्ष जारी रहेगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related

विकसित भारत 2047 की परिकल्पना: सुरेश ज्ञान विहार विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय शिक्षा शिखर सम्मेलन का शुभारंभ

जयपुर।/योगेश शर्मा/सुरेश ज्ञान विहार विश्वविद्यालय (एसजीवीयू), जयपुर में तीन...