राजस्थान समाचार
पुष्कर में अवैध निर्माण पर नगर परिषद की बड़ी कार्रवाई, मेला क्षेत्र में पक्का निर्माण ध्वस्त
Edited By : नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
जुलाई 11,2025
(हरिप्रसाद शर्मा) पुष्कर/अजमेर।
धार्मिक नगरी पुष्कर में नगर परिषद ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। नगर परिषद की टीम ने मेला मैदान क्षेत्र में बिना स्वीकृति, बिना भूमि रूपांतरण और बिना वैध अनुमति के किए जा रहे पक्के निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह भूमि मेला आयोजन के लिए आरक्षित है, जिस पर किसी भी प्रकार का निजी निर्माण पूरी तरह से प्रतिबंधित है।
कार्रवाई के दौरान परिषद के अधिकारियों ने जेसीबी मशीन की मदद से निर्माण ढहाया और मौके पर मौजूद लोगों को चेतावनी दी कि भविष्य में बिना स्वीकृति के निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
नगर परिषद के लोकेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि, “शहर की गरिमा और मेला क्षेत्र की पवित्रता को बनाए रखने के लिए अवैध निर्माण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह कार्रवाई एक चेतावनी है उन लोगों के लिए जो नियमों को ताक पर रखकर निर्माण कर रहे हैं।”
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी नगर परिषद की ओर से इसी तरह की कार्यवाही की जाएगी और यदि किसी भी स्थान पर अवैध निर्माण की जानकारी मिलती है तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
पुष्कर जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थल पर अवैध निर्माण न केवल नगर की छवि को धूमिल करते हैं, बल्कि कानून व्यवस्था के लिए भी चुनौती बनते हैं। नगर परिषद का यह कदम शहर को व्यवस्थित और धार्मिक रूप से शुद्ध बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।