रिपोर्ट हरि प्रसाद शर्मा
पुष्कर (अजमेर)। तीर्थ नगरी पुष्कर के निकटवर्ती बूढ़ा पुष्कर बाईपास पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ रही एक बोलेरो ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार दो सगे भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे का विवरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक मुकेश (30) और सुदाना राम (47), पुत्र पूराराम, निवासी रतनपुरा (जिला सीकर), थांवला में कार्यरत डॉ. प्रकाश चौधरी के सगे भाई थे। दोनों भाई थांवला में अपने निर्माणाधीन मकान के लिए किशनगढ़ से टाइल्स पसंद कर मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान बूढ़ा पुष्कर बाईपास पर सामने से आ रही एक अनियंत्रित बोलेरो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर मारने के बाद बोलेरो भी सड़क पर पलट गई।
नशे में धुत था चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बोलेरो चालक रामदेव सिंह रावत (निवासी बाघोलाई) शराब के नशे में पूरी तरह धुत था। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों भाइयों को पुष्कर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में पसरा सन्नाटा
हादसे की सूचना मिलते ही डॉ. प्रकाश चौधरी बदहवास हालत में पुष्कर अस्पताल पहुंचे। अपने दोनों भाइयों के शव देख वह फूट-फूटकर रो पड़े, जिससे वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है।