पुष्कर नाला में मिला अधेड़ व्यक्ति का शव, कचरा बीनते समय डूबने की आशंका
– हरिप्रसाद शर्मा, पुष्कर/अजमेर
By : गौरव कोचर
टेलीग्राफ टाइम्स
जुलाई 23,2025
पुष्कर कस्बे में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब नाला क्षेत्र में एक अधेड़ व्यक्ति का शव पानी में तैरता हुआ देखा गया। सूचना मिलने पर सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि भारी बारिश के कारण पुष्कर नाले में पानी का तेज बहाव था और नाले में जलभराव की स्थिति बनी हुई थी। स्थानीय लोगों ने सुबह नाले में एक शव को तैरते हुए देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस और सिविल डिफेंस को सूचना दी गई। सिविल डिफेंस के इंचार्ज किशनलाल जाट के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को बाहर निकाला।
शव की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो सकी है, लेकिन मृतक के हाथों में कचरे के प्लास्टिक के कट्टे होने से कचरा बीनने वाले व्यक्ति की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि रात को वह व्यक्ति बारिश के बीच नाले से गुजर रहा था और अचानक फिसलकर पानी में गिर गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई।
मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में शव की पहचान के लिए सूचना भी जारी की है।
स्थानीय प्रशासन की ओर से भी लगातार बरसात के दौरान नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।