पुष्कर थाने में फैक्ट्री मालिकों की बैठक, अवैध बांग्लादेशियों पर विशेष नजर
Written By: गौरव कोचर
टेलीग्राफ टाइम्स
मई 4, 2025
(हरिप्रसाद शर्मा) पुष्कर/अजमेर – हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के मद्देनज़र पुष्कर थाना परिसर में रविवार को थानाधिकारी विक्रम सिंह राठौड़ ने क्षेत्र के कपड़ा फैक्ट्री मालिकों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में फैक्ट्रियों में कार्यरत बाहरी राज्यों के मजदूरों के पुलिस वेरिफिकेशन को अनिवार्य करने तथा अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के संबंध में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर सीओ ग्रामीण रामचंद चौधरी भी मौजूद रहे। थानाधिकारी राठौड़ ने स्पष्ट किया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दी जाए। साथ ही, गणेश टैक्सटाइल फैक्ट्री में कार्यरत बाहरी श्रमिकों के आईडी प्रूफ व अन्य दस्तावेजों की जांच कर पूछताछ की गई।
पुलिस प्रशासन की ओर से यह अभियान अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों की पहचान के लिए चलाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। थानाधिकारी ने फैक्ट्री मालिकों से अपील की कि वे अपने यहां कार्यरत सभी मजदूरों का पूर्ण सत्यापन करवाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।