पुष्कर को शैक्षणिक व धार्मिक विकास की सौगात: जल संसाधन मंत्री ने मदारपुरा विद्यालय में 31.38 लाख रुपए के कार्यों का किया शिलान्यास

मदारपुरा के राजकीय विद्यालय में 29.88 लाख रुपए की लागत से बनेंगे दो नए कक्षा-कक्ष

  • विधायक मद से 1.50 लाख रुपए की लागत से पुस्तकालय का होगा कायाकल्प
  • रसूलपुरा में 4 लाख रुपए की लागत से निर्मित देवजी मंदिर परिसर के बरामदे का लोकार्पण

जयपुर / पुष्कर / नरेश गुनानी 

​जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा और धार्मिक आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात दी है। उन्होंने ग्राम पंचायत रसूलपुरा के ग्राम मदारपुरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 31.38 लाख रुपए के शैक्षणिक विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इसके साथ ही ग्राम रसूलपुरा में 4 लाख रुपए की लागत से निर्मित देवजी मंदिर परिसर के बरामदे का लोकार्पण कर इसे श्रद्धालुओं को समर्पित किया।

​शिक्षा एवं पुस्तकालय सुदृढ़ीकरण के कार्य

​विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री रावत ने कुल 31.38 लाख रुपए के कार्यों की आधारशिला रखी और शुभारंभ किया, जिसमें शामिल हैं:

  • नवीन कक्षा-कक्षों का निर्माण: विद्यालय में 29.88 लाख रुपए की लागत से दो नवीन कक्षा-कक्षों का निर्माण कराया जाएगा।
  • पुस्तकालय का कायाकल्प: विधायक मद से 1.50 लाख रुपए की लागत से विद्यालय पुस्तकालय की मरम्मत, रंग-रोगन एवं नवीन पुस्तकों की व्यवस्था के कार्य का शुभारंभ किया गया।

​”शिक्षा राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है” — सुरेश सिंह रावत

​शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा:

“शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार, व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक एवं सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि ग्रामीण अंचल का प्रत्येक बालक-बालिका अपने सपनों को साकार कर सके।”

 

​उन्होंने आगे कहा कि विद्यालयों में बेहतर अधोसंरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) उपलब्ध कराना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। नवीन कक्षा-कक्षों के निर्माण से विद्यार्थियों को पर्याप्त अध्ययन कक्ष मिलेंगे, वहीं पुस्तकालय के सुदृढ़ीकरण से बच्चों में पढ़ने, शोध करने और ज्ञानवर्धन के प्रति रुचि विकसित होगी।

​धार्मिक स्थलों का विकास और सांस्कृतिक संरक्षण

​ग्राम रसूलपुरा में 4 लाख रुपए की लागत से निर्मित देवजी मंदिर परिसर के बरामदे का लोकार्पण करते हुए मंत्री रावत ने कहा कि धार्मिक स्थल हमारी आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता के प्रमुख केंद्र हैं।

​उन्होंने स्पष्ट किया कि पुष्कर विधानसभा क्षेत्र का विकास केवल भौतिक आधारभूत संरचना तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, संस्कार, सांस्कृतिक विरासत और जनसुविधाओं को समान रूप से सशक्त बनाने का सतत प्रयास किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related