पुष्कर के विश्वविख्यात ब्रह्मा मंदिर में अन्नकूट महोत्सव का भव्य आयोजन — 56 भोग की झांकी और महाआरती ने मोहा भक्तों का मन
हरि प्रसाद शर्मा पुष्कर •
पुष्कर/अजमेर, 25 अक्टूबर। तीर्थनगरी पुष्कर में चल रहे अन्नकूट उत्सव के तहत शनिवार को विश्वविख्यात ब्रह्मा मंदिर में भगवान ब्रह्मा और देवी गायत्री के अन्नकूट महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर भक्ति और उत्साह के रंगों से सराबोर नजर आया।
51 सौ किलो अन्नकूट का भोग और 56 भोग की झांकी
प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी ब्रह्मा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और छप्पन भोग की झांकी सजाई गई। मंदिर पुजारी कृष्णगोपाल वशिष्ठ ने बताया कि भगवान ब्रह्माजी को 51 सौ किलो अन्नकूट का भोग लगाया गया। सुबह विशेष पूजा के साथ दिनभर मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा।
फूल बंगला सजाया गया, की गई महाआरती
शाम 4:30 बजे भगवान ब्रह्मा और देवी गायत्री का पुष्प श्रृंगार कर फूल बंगला सजाया गया। इसके बाद 56 भोग की आकर्षक झांकी भक्तों के दर्शनार्थ खोली गई। झांकी में तरह-तरह के व्यंजन, मिठाइयां और फलों से भगवान को भोग लगाया गया। महाआरती के दौरान मंदिर परिसर ‘जय ब्रह्मदेव’ के जयघोष से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं में वितरित हुआ अन्नकूट प्रसाद
आरती और दर्शन के पश्चात अन्नकूट का प्रसाद भक्तों में वितरित किया गया। दूर-दराज़ से आए श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से प्रसाद ग्रहण किया और मंदिर में नतमस्तक होकर प्रदेश और समाज की समृद्धि की प्रार्थना की।
अन्नकूट महोत्सव के इस आयोजन ने पुष्कर की धार्मिक परंपरा और भक्ति की भावना को एक बार फिर उजागर किया, जहाँ आस्था, उल्लास और एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।