पुष्कर के पुराने रंगनाथ मंदिर में जन्माष्टमी उत्सव — महालक्ष्मी जन्मोत्सव पर भव्य सजावट
रिपोर्ट हरि प्रसाद शर्मा पुष्कर, संपादन सुनील शर्मा, टेलीग्राफ टाइम्स।
पुष्कर/अजमेर। धार्मिक नगरी पुष्कर में रविवार को श्री पुराना रंगनाथ मंदिर में रोहिणी नक्षत्र के अवसर पर जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। इसी के साथ महालक्ष्मी जन्मोत्सव भी श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित हुआ।
मंदिर परिसर में विशेष सजावट की गई और भक्तों के लिए आकर्षक झांकी सजाई गई। महालक्ष्मी मंदिर को दीप, फूल और रोशनी से सुसज्जित किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
मौसम शर्मा ने बताया कि जन्माष्टमी और महालक्ष्मी जन्मोत्सव पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूरे दिन मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना का क्रम चलता रहा। श्रद्धालुओं ने उत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाते हुए धर्म और आस्था के रंग में सराबोर होकर भगवान श्रीकृष्ण और महालक्ष्मी के जयकारे लगाए।