पुलिस थाना श्याम नगर, जयपुर दक्षिण की बड़ी कार्रवाई
अवैध हथियार के साथ शातिर अपराधी उमेश सिंह गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल मय मैग्जीन बरामद
गौरव कोचर •
जयपुर, 23 ,अक्टूबर 2025।
जयपुर शहर में अवैध हथियारों की तस्करी, फायरिंग व लूट की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस आयुक्तालय जयपुर शहर द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज (IPS) ने बताया कि पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसफ के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण ललित किशोर शर्मा के मार्गदर्शन में और सहायक पुलिस आयुक्त सोडाला योगेश चौधरी के सुपरविजन में थानाधिकारी दलबीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
कार्रवाई का विवरण
दिनांक 20 अक्टूबर 2025 को टीम को सूचना मिली कि जिनेश होटल, अशोक नगर, पुरानी चुंगी, अजमेर रोड पर कुछ संदिग्ध व्यक्ति ठहरे हुए हैं जिनके पास अवैध हथियार हैं और वे फायरिंग की वारदात करने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी और कमरे नंबर 105 से एक संदिग्ध व्यक्ति को डिटेन कर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम उमेश सिंह उर्फ अंग्रेज पुत्र प्रेम सिंह (उम्र 20 वर्ष) निवासी गीजगढ़ विहार, नंदपुरी, थाना सोडाला बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल मय मैग्जीन बरामद की गई। इस पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अपराध धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया और पूछताछ शुरू की।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में कई गंभीर प्रकरण दर्ज हैं —
- थाना विराटनगर (प्रकरण संख्या 134/2020) – धारा 341, 323, 392 आईपीसी
- थाना शिप्रापथ (641/2021) – धारा 420, 467, 468, 471, 379, 511, 120-बी आईपीसी
- थाना महेशनगर (73/2023) – धारा 143, 323, 341, 379, 384 आईपीसी
- थाना श्यामनगर (583/2025) – धारा 3/25 आर्म्स एक्ट
- थाना श्यामनगर (564/2025) – धारा 115(2), 126(2), 3(5) बीएनएस
- थाना मुहाना (623/2025) – धारा 115(2), 128(2), 309(4) बीएनएस
गैंग और अपराधी नेटवर्क
अभियुक्त उमेश सिंह पुलिस थाना करणी विहार में फायरिंग तथा थाना मुहाना में हथियार दिखाकर मारपीट व लूट के मामलों में भी वांछित है। उसके साथियों शम्मी, अमन गुर्जर, रोहित पटूना और सीताराम के विरुद्ध भी कई अपराध दर्ज हैं। यह गैंग रेंटल गाड़ियों से रैकी कर वारदातों को अंजाम देती है और जयपुर शहर में हफ्ता वसूली जैसी गतिविधियों में लिप्त रहती है।
पुलिस टीम
भंवर सिंह (हैडकानि. 1009), पवन कुमार गोदारा (कानि. 10594), अजयपाल (कानि. 8904) और महीपाल (कानि. 12642) – पुलिस थाना श्यामनगर, जयपुर दक्षिण।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि जयपुर दक्षिण में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और फायरिंग या लूट में शामिल अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।