पुलिस थाना मालपुरा गेट, जयपुर पूर्व की बड़ी कार्यवाही
शातिर वाहन चोर मोलू सिंह गिरफ्तार, तीन वाहन बरामद
गौरव कोचर टेलीग्राफ टेलीग्राफ
जयपुर, 17, नवम्बर 2025। पुलिस उपायुक्त जयपुर (पूर्व) संजीव नैन ने बताया कि शहर में बढ़ती वाहन चोरी की वारदातों पर प्रभावी रोकथाम के लिए सभी सहायक पुलिस आयुक्तों व थानाधिकारियों को विशेष कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व आसाराम चौधरी के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त विनोद कुमार (सांगानेर) के सुपरविजन में थाना मालपुरा गेट थानाधिकारी उदयभान यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
मामला
दिनांक 25.10.2025 को जुगल किशोर सोपरा निवासी कृष्णा विहार, पल्लीवालों का बाग, सांगानेर द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनकी होंडा एक्टिवा (RJ14 BZ 8562) घर के बाहर से 10/10/2025 की रात चोरी हो गई। इस पर प्रकरण संख्या 455/2025 धारा 303(2) BNS में मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
टीम की कार्यवाही
गठित टीम ने पूर्व के चालानशुदा अपराधियों से पूछताछ की, घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर सक्रिय किए। फुटेज के आधार पर कांस्टेबल केदारमल ने आरोपी की पहचान की। टीम ने शातिर वाहन चोर मोलू सिंह पुत्र नरेन्द्र सिंह (उम्र 22 वर्ष), निवासी मूलत: फर्रुखाबाद, वर्तमान निवासी सायपुरा, सांगानेर को दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की एक एक्टिवा स्कूटी और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
वारदात का तरीका
आरोपी नशे का आदी है। पहले अवैध शराब बेचकर नशे के लिए पैसे जुटाता था, जेल जाने के बाद जमानत पर छूटने पर उसने सांगानेर क्षेत्र में घरों व फैक्ट्रियों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों की रैकी कर चोरी शुरू कर दी।
15.11.2025 को वह चोरी की एक्टिवा बेचने शिकारपुरा रोड पर आया, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है।
गिरफ्तार आरोपी
मोलू सिंह, उम्र 22 वर्ष, निवासी आरमपुर डिलावल, फर्रुखाबाद (उ.प्र.), हाल निवासी सायपुरा, कैलाशपुरी कॉलोनी प्रथम, थाना सांगानेर सदर, जयपुर।
गठित टीम
सुरजमल (हैडकॉन्स्टेबल 510), धौली बाई (महिला हैडकॉन्स्टेबल 1311), केदारमल (कांस्टेबल 4171), हरकेश (कांस्टेबल 3489) – पुलिस थाना मालपुरा गेट, जयपुर पूर्व।
विशेष भूमिका
कांस्टेबल केदारमल 4171 – आरोपी की पहचान और लोकेशन विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका।