पुलिस थाना जवाहर सर्किल की त्वरित कार्यवाही
अपहरण व लूट की दो वारदातों का खुलासा, 36 घंटे में 7 आरोपी गिरफ्तार
गौरव कोचर •
जयपुर, 10 नवम्बर 2025।
जयपुर पूर्व पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण और लूट की दो वारदातों का खुलासा कर 7 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपी किराए पर वाहन लेकर घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त संजीव नैन (IPS) ने बताया कि जयपुर पूर्व क्षेत्र में बढ़ती अपहरण और लूट की घटनाओं की रोकथाम एवं अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु सभी अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए थे। निर्देशों की पालना में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व आशाराम चौधरी (RPS) के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त मालवीय नगर आदित्य पूनिया (RPS) के सुपरविजन में थानाधिकारी आशुतोष सिंह (पु.नि.) और श्यामप्रकाश (उ.नि.) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने दोनों घटनाओं के स्थलों के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण कर संदिग्धों की पहचान की और संभावित ठिकानों पर लगातार निगरानी रखते हुए दबिश दी। आरोपी पुलिस से बचने के लिए दीवारें फांदकर और नाले में कूदकर भागने की कोशिश करते हुए घायल भी हुए।
पहली वारदात (प्रकरण संख्या 580/25)
परिवादी खुमान सिंह, निवासी राजसमंद, ने रिपोर्ट दी कि 1 नवम्बर की रात चार व्यक्तियों ने उनके कमरे से अपहरण कर नैनवा- बूंदी की ओर ले जाकर मारपीट की और फोनपे से ₹48,000 ट्रांसफर करवाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी शाहरूख खान उर्फ नानिया, नितिनपुरी, सलीम, शहजाद, गोविन्द बडियार व हर्षित नायक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गोविन्द बडियार ने अपने परिचित खुमान सिंह की लोकेशन बताकर अन्य आरोपियों से अपहरण करवाया और हर्षित नायक के खाते में रकम ट्रांसफर करवाई।
दूसरी वारदात (प्रकरण संख्या 588/25)
परिवादी जगदीश सिंह, निवासी बीकानेर, ने रिपोर्ट दी कि 6 नवम्बर को एयरपोर्ट से निकलते समय सफेद कार सवार बदमाशों ने उनका अपहरण किया, ₹1.5 लाख ऑनलाइन ट्रांसफर करवाया और उनसे सोने-चांदी के जेवर व मोबाइल लूट लिया।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी शशिकान्त को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किया गया। पूछताछ में शशिकान्त ने बताया कि उसने यह वारदात अपने साथियों शाहरूख खान, नितिनपुरी और सलीम के साथ की थी। ये सभी आरोपी पहले मामले में भी शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी —
हर्षित नायक, गोविन्द बडियार, नितिनपुरी, शहजाद, शाहरूख खान उर्फ नानिया, सलीम और शशिकान्त।
सभी आरोपी पेशेवर अपराधी हैं। इनमें शाहरूख खान हाल ही में जेल से छूटा है और इनके खिलाफ कई प्रकरण दर्ज हैं।
गठित पुलिस टीम —
आशुतोष सिंह, श्यामप्रकाश, रामराज, राजेशकुमार, लोकेन्द्रसिंह, हरिओम, हरि पंवार, मुकेश कुमार, आशीष कुमार सहित जवाहर सर्किल थाना पुलिस टीम के सदस्यों ने इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।