जयपुर, 14 जुलाई 2026 / प्रीति बालानी/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में राजस्थान में पीएम श्री विद्यालयों (पीएम स्कूल्स फॉर राइजिंग इंडिया) का बेहतरीन संचालन किया जा रहा है। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद की ओर से राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित राज्य स्तरीय संस्था प्रधान वेबिनार में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि पीएम श्री विद्यालय विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) शिक्षा व नवाचारों के क्षेत्र में रोल मॉडल हैं और इनमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योगदान देने वाले उत्कृष्ट छात्र तैयार करने की अद्भुत क्षमता है।
मुख्य सचिव ने इस वेबिनार को ‘इंस्पिरेशनल स्टोरीज’ के साथ ‘पीयर लर्निंग’ (साथियों से सीखने) का एक अनूठा मंच बताया। उन्होंने इस दौरान 649 पीएम श्री संस्था प्रधानों से संवाद कर जमीनी हकीकत जानी और उनके बेहतरीन कार्यों की सराहना की।
मुख्य सचिव के महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश और सुझाव
वेबिनार को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव ने पीएम श्री विद्यालयों के स्तर को और ऊंचा उठाने के लिए कई निर्देश दिए:
- सुझाव बॉक्स: प्रत्येक पीएम श्री विद्यालय में एक सुझाव बॉक्स खोला जाए ताकि छात्रों और अभिभावकों के विचार मिल सकें।
- सफलता की कहानियां: बेहतर प्रदर्शन करने वाले पीएम श्री विद्यालय अपनी सफलता की कहानियों को साझा करें।
- टीम वर्क: छोटी टीमें बनाकर निरंतर मेहनत करने से अंतरराष्ट्रीय स्तर के परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
- जिला स्तरीय वेबिनार: मुख्य सचिव ने भविष्य में जिला स्तर पर भी ऐसी वेबिनार आयोजित करने के निर्देश दिए ताकि स्थानीय स्तर पर भी पीएम श्री स्कूल एक-दूसरे के अनुभवों का लाभ उठा सकें।
रिक्त पदों को जल्द भरने और नामांकन बढ़ाने पर जोर
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश यादव ने कहा कि पीएम श्री विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मुख्य केंद्र हैं, इसलिए यहाँ नामांकन बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने छात्रों में टीम स्पिरिट और साथ सीखने की प्रवृत्ति विकसित करने के लिए 3 से 5 बच्चों की टोलियाँ बनाने का सुझाव दिया।
पीएम श्री विद्यालयों में शिक्षकों की कमी पर बात करते हुए राजेश यादव ने आश्वस्त किया कि खाली पदों को भरने की प्रक्रिया चल रही है और इन्हें जल्द ही भर दिया जाएगा। इसके अलावा, राजस्थान के पीएम श्री स्कूलों को अन्य राज्यों के अनुभवों का लाभ दिलाने के लिए जल्द ही अंतर-राज्यीय संवाद कार्यक्रम भी शुरू किया जाएगा।
नवाचारों से बदली पीएम श्री स्कूलों की सूरत: कुछ प्रमुख सफलताएं
वेबिनार में प्रदेश के चयनित 14 पीएम श्री संस्था प्रधानों ने अपने विद्यालयों के अनूठे नवाचार और उपलब्धियां साझा कीं, जबकि शेष 635 प्रधान ऑनलाइन जुड़े। कुछ प्रमुख पीएम श्री स्कूलों की सफलता की कहानियां इस प्रकार हैं:
- पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, वैर, भरतपुर: यहाँ ‘मेरे कान्हा-मेरे आंगन’ कार्यक्रम के तहत हर महीने शिक्षक और छात्र किसी एक बच्चे के घर जाकर समाज और परिवार से सीधा जुड़ाव बना रहे हैं।
- पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राहोली, निवाई, टोंक: इस स्कूल का नाम अपने बेहतरीन नवाचारों के लिए ‘हिंदुस्तान बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में दर्ज किया गया है।
- पीएम श्री राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, 2 एमडी महादेव नगर, बांकलसर मोहनगढ़, जैसलमेर: मातृ सम्मेलन और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आम लोगों को स्कूल से जोड़ने का सफल प्रयास किया गया।
- पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मांडल, भीलवाड़ा: पुराने छात्रों को जोड़ने का विशेष अभियान चलाया गया, जिनकी सहायता और जनसहयोग से स्कूल का कायाकल्प हो गया।
- पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, स्टेशन रोड, बाड़मेर: यहाँ का 10वीं का परिणाम पिछले 7 वर्षों से और 12वीं का परिणाम पिछले 4 वर्षों से लगातार 100% रह रहा है।
- पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जमवारामगढ़ (जयपुर): यहाँ के विद्यार्थी लगातार NEET और JEE जैसी कठिन परीक्षाओं में बेहतरीन प्रदर्शन कर देश के शीर्ष संस्थानों में प्रवेश पा रहे हैं।
- पीएम श्री रावत नाहरसिंह राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय देवगढ़, राजसमंद: बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए स्कूल में ‘बालिका संसद’ चलाई जाती है, जहाँ छात्राएं प्रशासनिक कार्यों में सहयोग करती हैं।
प्रशासनिक उपस्थिति
इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत में राज्य परियोजना निदेशक व आयुक्त डॉ. रश्मि शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। अंत में अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक अशोक कुमार मीणा ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया। वेबिनार में संयुक्त सचिव महेंद्र खींची, अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक सीमा शर्मा सहित शिक्षा विभाग के उपायुक्त और उप निदेशक स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पीएम श्री संस्था प्रधानों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।