पाली : सुमेरपुर क्षेत्र के चार गांवों में पहुंचा ‘बढ़ता राजस्थान, हमारा राजस्थान’ विकास रथ
19 दिसम्बर 2025 | पाली / जयपुर
| नरेश गुनानी
राज्य सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘बढ़ता राजस्थान, हमारा राजस्थान’ अभियान के तहत विकास रथ लगातार गांव-ढाणियों तक पहुंच रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को पाली जिले के सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के चार गांवों — सिंदरू, सांडेराव, देवतरा ग्राम पंचायत और दुजाना — में विकास रथ पहुंचा।
विकास रथ की अगुवाई पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने की। गांवों में रथ के पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।
इस अवसर पर मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में विकास रथ के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और नीतियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है। यह रथ शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दूरस्थ ग्रामीण अंचलों तक जाकर सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने बीते दो वर्षों में विकास के अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं। इन कार्यों और योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का कार्य विकास रथ कर रहा है।
मंत्री ने बताया कि विकास रथ में सुझाव पेटिका भी लगाई गई है, जिसमें आम नागरिक ‘विकसित राजस्थान’ के लिए अपने सुझाव दे रहे हैं। प्राप्त सुझावों को आगामी बजट में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।
गांवों में हुआ गर्मजोशी से स्वागत
ग्राम पंचायत सिंदरू में विकास रथ का स्वागत पूनम सिंह परमार, शिवराज सिंह बिठिया, नरेंद्र देवासी और दिनेश सिंह राजपुरोहित सहित ग्रामीणों ने किया।
वहीं सांडेराव में हनवंत सिंह, शंकर सिंह, रतन सिंह देवासी, मेघराम, नागेश देवासी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विकास रथ का स्वागत किया।
सांडेराव में आयोजित हुआ ग्रामीण सेवा शिविर
ग्राम पंचायत सांडेराव में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का मंत्री जोराराम कुमावत ने अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को ग्रामीणों तक एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।
शिविर में भूमि संबंधी कार्यों — पट्टे, नामांतरण, गिरदावरी — के साथ-साथ मूलनिवास एवं जाति प्रमाण पत्र, पेंशन योजनाएं, बीमा योजनाएं और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के आवेदन एवं समस्याओं का समाधान मौके पर किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से लोगों को सरकारी दफ्तरों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और हर पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सकेगा। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं के प्रभाव और समस्याओं की जानकारी भी ली।

