पाली में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक से टकराई इनोवा, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, 3 गंभीर घायल
Written By: लोकेंद्र सिंह शेखावत
टेलीग्राफ टाइम्स
मई 2, 2025
पाली: राजस्थान के पाली जिले के सुमेरपुर क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह भीषण दुर्घटना ब्यावर-पिंडवाड़ा हाईवे पर सुबह करीब 4 बजे हुई, जब मुंबई से सुमेरपुर जा रही एक इनोवा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
कार में सवार सभी लोग डायलाना कलां गांव के निवासी थे और सुमेरपुर में एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। हादसे में सुरेश रावल की पत्नी और बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विष्णु के बेटे उत्तम रावल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कुल चार लोगों की मौत हुई है, वहीं 18 वर्षीय हर्षिता को जोधपुर रेफर किया गया है और अनीता व दिया का इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि कार चालक को नींद की झपकी आने से यह हादसा हुआ होगा। हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को सुमेरपुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

