राष्ट्रीय
“पाकिस्तान ISIS की तरह काम कर रहा है, भारत से आधी सदी पीछे है” — ओवैसी का तीखा हमला, वीडियो वायरल
Edited By: गौरव कोचर
टेलीग्राफ टाइम्स
अप्रैल 28, 2025
न्यूज़ रिपोर्ट: प्राची चतुर्वेदी
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। देशभर में इस हमले को लेकर गुस्सा है। इसी बीच AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान पर तीखा हमला बोला है।
ओवैसी ने कहा कि पाकिस्तान आज भी भारत से आधी सदी पीछे है और उनकी अर्थव्यवस्था इतनी कमजोर है कि उनका पूरा बजट भारत के सैन्य बजट के बराबर भी नहीं है। ओवैसी ने पाकिस्तान की तुलना आतंकी संगठन ISIS से करते हुए कहा, “पाकिस्तान ने बिल्कुल ISIS की तरह काम किया है।”
यह बयान ओवैसी ने 27 अप्रैल को महाराष्ट्र के परभणी में वक्फ (संशोधन) एक्ट के विरोध में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए दिया। उन्होंने पाकिस्तान के नेताओं द्वारा दी जाने वाली परमाणु हमले की धमकियों को खारिज करते हुए कहा, “पाकिस्तान हमेशा परमाणु शक्ति की बात करता है, लेकिन उन्हें याद रखना चाहिए कि निर्दोष लोगों की हत्या का जवाब हर सरकार देगी।”
ओवैसी ने आगे कहा, “आप हमारी ज़मीन पर हमारे नागरिकों को मारकर किस धर्म की बात कर रहे हैं? आपने ISIS की तरह बर्ताव किया है।” उन्होंने कश्मीर के बहादुरों का उदाहरण देते हुए कहा कि एक कश्मीरी युवक ने आतंकियों से लड़ते हुए जान दे दी और एक अन्य कश्मीरी ने घायल बच्चे की जान बचाने के लिए 40 मिनट तक उसे अपनी पीठ पर उठाकर पैदल चलाया।
अंत में, ओवैसी ने वक्फ (संशोधन) एक्ट के खिलाफ ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) द्वारा घोषित विरोध कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की। उन्होंने लोगों से 30 अप्रैल को ‘बत्ती बंद’ अभियान में शामिल होकर एकजुटता दिखाने का आग्रह किया।

