पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा ने प्रतापगढ़ पहुंचकर पूर्व मंत्री नंदलाल मीणा को दी श्रद्धांजल
30 सितम्बर 2025, नरेश गुनानी
जयपुर/प्रतापगढ़। वन, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के राज्य मंत्री संजय शर्मा मंगलवार को प्रतापगढ़ जिले के ग्राम अम्बा माता का खेड़ा पहुंचे। उन्होंने हाल ही में दिवंगत पूर्व मंत्री नंदलाल मीणा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
संजय शर्मा ने स्वर्गीय नंदलाल मीणा के पुत्र और प्रदेश सरकार में राजस्व मंत्री हेमंत मीणा सहित परिवारजनों से मिलकर संवेदना प्रकट की और उन्हें इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की सांत्वना दी। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
राज्य मंत्री ने कहा कि नंदलाल मीणा का योगदान प्रदेश की राजनीति और जनसेवा में अविस्मरणीय रहेगा। उनके विकास कार्य और जनता के प्रति समर्पण को लंबे समय तक याद किया जाएगा।