परकोटे में दीपावली पर नि:शुल्क चलेंगे 100 ई-रिक्शा
गौरव कोचर •
जयपुर, 16 अक्टूबर। दीपावली के त्योहार पर जयपुर शहर के परकोटे क्षेत्र — अजमेरी गेट, न्यू गेट, सांगानेरी गेट, बड़ी एवं छोटी चौपड़ के बीच — यातायात व्यवस्था को सुगम और सुचारु बनाए रखने के लिए 18 से 21 अक्टूबर तक शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक 100 नि:शुल्क ई-रिक्शा संचालित किए जाएंगे। इस दौरान अन्य ई-रिक्शों का इन क्षेत्रों में प्रवेश पूर्णत: वर्जित रहेगा।
पुलिस आयुक्तालय में आयोजित बैठक में पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसफ की अध्यक्षता में शहर के व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों के साथ दीपावली के अवसर पर कानून व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर चर्चा हुई। व्यापार प्रतिनिधियों ने बताया कि दीपावली के दौरान परकोटे में शाम के समय भारी भीड़ रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जयपुर व्यापार महासंघ और स्थानीय व्यापार मंडलों द्वारा आमजन की सुविधा के लिए 100 ई-रिक्शा नि:शुल्क उपलब्ध करवाए जाएंगे।
ई-रिक्शा रूट निम्न रहेंगे —
- रूट 1: अजमेरी गेट – छोटी चौपड़ – त्रिपोलिया – चौड़ा रास्ता – न्यू गेट – नेहरू बाजार
- रूट 2: सांगानेरी गेट – जोहरी बाजार – बड़ी चौपड़ – त्रिपोलिया – चौड़ा रास्ता – न्यू गेट – बापू बाजार
इन दोनों रूटों पर 18 से 21 अक्टूबर तक शाम 6 से रात 11 बजे तक ई-रिक्शाओं का लगातार संचालन होगा।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (प्रशासन एवं यातायात) योगेश दाधीच, पुलिस उपायुक्त (यातायात) सुमित मेहरड़ा तथा विभिन्न व्यापार मंडलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।