पं. रविंद्र आचार्य का राष्ट्रीय सम्मान पर जयपुर में हुआ भव्य स्वागत
लोकेंद्र सिंह शेखावत
जयपुर। विश्वविख्यात ज्योतिषाचार्य पंडित रविंद्र आचार्य के हाल ही में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होने के उपलक्ष्य में सोमवार को सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र में उनका भव्य स्वागत किया गया। पं. आचार्य को हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में वीर सावरकर पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। यह पुरस्कार उन्हें ज्योतिष शास्त्र में उल्लेखनीय योगदान और सटीक भविष्यवाणियों के लिए प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं ने भाग लिया। इस अवसर पर युवा नेता दिलीप सिंह राठौड़, दीपक यादव, प्रभावर शर्मा, दिनेश जैन सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने पं. आचार्य को गुलदस्ता भेंट कर और माल्यार्पण कर सम्मानित किया। उपस्थित लोगों ने मिठाई खिलाकर समारोह की गरिमा और उत्साह को और बढ़ाया।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि पं. रविंद्र आचार्य की ज्योतिष विद्या में गहरी पकड़ और उनकी अनेक सटीक भविष्यवाणियां उन्हें देशभर में विशेष पहचान दिलाती हैं। गौरतलब है कि पं. आचार्य को इससे पहले भी राज्य स्तर पर कई बार सम्मानित किया जा चुका है।
अपने स्वागत समारोह में पं. आचार्य ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “माता-पिता का आशीर्वाद जीवन में सबसे बड़ा संबल है। उन्हीं की कृपा से मुझे राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त करने का सौभाग्य मिला है।” उन्होंने युवाओं को भारतीय परंपराओं और ज्योतिष विज्ञान को आगे बढ़ाने का संदेश भी दिया।
समारोह में क्षेत्रीय नागरिकों ने इस उपलब्धि को जयपुर का गौरव बताया और पं. रविंद्र आचार्य को भविष्य में और ऊंचाइयों तक पहुंचने की शुभकामनाएं दीं।