सिरोही, 14 जून 2026 • नरेश गुनानी
जिला सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय सिरोही में केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” थीम पर लगी इस प्रदर्शनी के तीसरे दिन, रविवार को ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी और जालोर-सिरोही सांसद लुम्बाराम चौधरी ने मुख्य रूप से शिरकत की और प्रदर्शनी का बारीकी से अवलोकन किया।
अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना सरकार का लक्ष्य: ओटाराम देवासी
प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान पंचायतीराज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जन-जन के कल्याण के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। सरकार की स्पष्ट मंशा है कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचे और उसे हर संभव राहत मिल सके।
युवाओं को प्रेरित करेगी यह प्रदर्शनी: सांसद लुम्बाराम चौधरी
सांसद लुम्बाराम चौधरी ने इस आयोजन को बेहद महत्वपूर्ण और प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक और उल्लेखनीय कार्य किए हैं। यह प्रदर्शनी न केवल युवाओं को नई ऊर्जा और प्रेरणा देगी, बल्कि सभी देशवासियों को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
आकर्षक ढंग से दिखाई गईं सरकार की उपलब्धियां
तीन दिनों तक चली इस प्रदर्शनी में सरकार के विभिन्न विकास कार्यों, बजट घोषणाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और ऐतिहासिक उपलब्धियों को चित्रों व डिजिटल माध्यमों से बेहद आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी को देखने के लिए स्थानीय निवासियों सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने भी रुचि दिखाई।