| लोकेंद्र सिंह शेखावत
— प्रधानमंत्री के निर्णय से भारतीय उत्पादों को मिलेंगे नए वैश्विक बाजार
— राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड और जयपुर व्यापार महासंघ ने किया समझौते का स्वागत
जयपुर। भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (Free Trade Agreement – FTA) की घोषणा का राजस्थान की व्यापारिक इकाइयों ने गर्मजोशी से स्वागत किया है। जयपुर के प्रमुख व्यापारिक संगठनों ने इसे भारतीय अर्थव्यवस्था और निर्यात क्षेत्र के लिए एक ‘ऐतिहासिक कदम’ करार दिया है।
व्यापारिक संबंधों में नए अध्याय की शुरुआत
राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य सुभाष गोयल और जयपुर व्यापार महासंघ के महामंत्री सुरेश सैनी ने संयुक्त बयान जारी कर इस समझौते को भारतीय उद्योग के लिए गेम-चेंजर बताया। उन्होंने कहा कि यह समझौता न केवल दोनों देशों के बीच व्यापारिक बाधाओं को कम करेगा, बल्कि भारतीय हस्तशिल्प, कृषि उत्पादों और सेवाओं के लिए न्यूजीलैंड के बाजारों के द्वार भी खोलेगा।
अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई गति
सुभाष गोयल ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस तरह के समझौते भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने कहा, “यह समझौता दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापारिक संबंधों को एक नई मजबूती प्रदान करेगा। इससे स्थानीय व्यापारियों को अपने व्यापार का विस्तार करने और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा।”
प्रधानमंत्री का जताया आभार
व्यापारिक नेताओं ने इस महत्वपूर्ण समझौते को संभव बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार का यह निर्णय व्यापार सुगमता (Ease of Doing Business) और वैश्विक व्यापार में भारत की हिस्सेदारी बढ़ाने के संकल्प को प्रदर्शित करता है।
अवसरों का लाभ उठाने को तैयार व्यापारी
जयपुर व्यापार महासंघ के महामंत्री सुरेश सैनी ने कहा कि राजस्थान, विशेषकर जयपुर का व्यापारी वर्ग इस समझौते के तहत मिलने वाले अवसरों का लाभ उठाने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और स्थानीय निर्यातकों को नई नीतियों के प्रति जागरूक किया जाएगा ताकि प्रदेश का व्यापार नए शिखर को छू सके।