नेशनल लोक अदालत: आपसी समझौते से सुलझेंगे बरसों पुराने विवाद, 9 मई को रायगढ़ सहित पूरे छत्तीसगढ़ में होगा आयोजन

गनपत चौहान 

रायगढ़/धरमजयगढ़: आम जनता को त्वरित और सुलभ न्याय दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए, आगामी 9 मई (शनिवार) को प्रदेशव्यापी ‘नेशनल लोक अदालत’ का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली और छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के दिशा-निर्देशानुसार, यह आयोजन रायगढ़ जिले सहित राज्य के सभी न्यायालयों में किया जाएगा।

तैयारियां तेज: गांव-गांव पहुंच रहे वॉलिटियर्स

​जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ के सचिव महोदया और अध्यक्ष, तालुका विधिक सेवा समिति धरमजयगढ़ के कुशल मार्गदर्शन में इस महा-अभियान की तैयारियां जोरों पर हैं। लोक अदालत को सफल बनाने के लिए पैरा लीगल वॉलिटियर्स (PLVs) द्वारा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

​वॉलिटियर्स दूरस्थ अंचलों, गांवों और कस्बों में घर-घर जाकर लोगों को लोक अदालत के महत्व और इसके लाभों के बारे में जानकारी दे रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक पक्षकार अपने लंबित मामलों का निराकरण करा सकें।

इन मामलों का होगा त्वरित निपटारा

​नेशनल लोक अदालत में ऐसे सभी प्रकरण रखे जाएंगे जो कानूनन ‘राजीनामा योग्य’ (Compounding) हैं। मुख्य रूप से निम्नलिखित मामलों का निराकरण आपसी सहमति से किया जाएगा:

  • वित्तीय मामले: चेक बाउंस (NI Act), बैंक रिकवरी, विद्युत एवं जल कर (Water Tax) संबंधी विवाद।
  • पारिवारिक एवं श्रम विवाद: वैवाहिक विवाद, भरण-पोषण (Maintenance) और श्रमिक संबंधी प्रकरण।
  • दुर्घटना एवं क्षतिपूर्ति: मोटर दुर्घटना दावा (MACT) के मामले।
  • अन्य: भूमि अधिग्रहण, टेलीफोन बिल, संपत्ति कर और राजस्व से जुड़े राजीनामा योग्य मामले।

विभागीय समन्वय और अपील

​इस वृहद आयोजन को सफल बनाने के लिए न्यायालय प्रशासन द्वारा पुलिस प्रशासन, राजस्व विभाग, नगर निगम, बैंकिंग संस्थानों और विद्युत विभाग के साथ निरंतर समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अपील: प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि “नेशनल लोक अदालत” न्याय पाने का एक सुनहरा अवसर है। इसमें न तो किसी की हार होती है और न ही किसी की जीत, बल्कि आपसी समझ और समझौते से विवाद का अंत होता है। इससे समय और धन दोनों की बचत होती है। अतः जागरूक बनें और अपने लंबित प्रकरणों के निपटारे के लिए इस मंच का लाभ उठाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related