नृसिंह भगवान के जयकारों से गूंजा चांदपोल, सजीव लीला और भव्य शोभायात्रा में उमड़े श्रद्धालु

नृसिंह भगवान के जयकारों से गूंजा चांदपोल, सजीव लीला और भव्य शोभायात्रा में उमड़े श्रद्धालु
आज वराह लीला, कल मनेगा श्री नृसिंह जी का पाटोत्सव

Edited By:लोकेंद्र सिंह शेखावत
टेलीग्राफ टाइम्स
मई 22, 2025

जयपुर। चांदपोल बाजार के नींदड़ रावजी का रास्ता स्थित श्री नृसिंह मंदिर में गुरुवार को पाटोत्सव महोत्सव की धूमधाम शुरू हुई। इस अवसर पर भव्य सजीव नृसिंह लीला का मंचन हुआ, जिसमें भक्त प्रह्लाद की रक्षा और हिरण्यकश्यप वध की अलौकिक झांकी ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

पूजन और आरती के साथ आरंभ हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम की शुरुआत ठाकुरजी के पूजन और विशेष आरती से हुई। इसके बाद मंच पर जीवंत लीला में जब खंभे से भगवान नृसिंह प्रकट हुए और हिरण्यकश्यप का वध कर भक्त प्रह्लाद को जीवनदान दिया, तब पूरा परिसर “नृसिंह भगवान की जय” के जयकारों से गूंज उठा।

चांदपोल तक निकली भव्य शोभायात्रा
लीला के उपरांत भगवान नृसिंह की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो चांदपोल बाजार स्थित रामचंद्रजी मंदिर तक पहुंची। शोभायात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए उमड़ पड़े। मंदिर समिति अध्यक्ष चेतन अग्रवाल और मंत्री कैलाश चंद अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजन सुचारू रूप से सम्पन्न हुआ।

संतों व महंतों ने उतारी आरती
रामचंद्रजी मंदिर पहुंचने पर महंत नरेंद्र तिवारी ने भगवान का स्वागत कर आरती उतारी। वहीं चांदपोल हनुमानजी मंदिर में पुजारी सुभाष शर्मा और विष्णु शर्मा ने भी आरती की। शोभायात्रा सद्गुरु मंदिर होते हुए पुनः नींदड़ रावजी मार्ग स्थित मंदिर पहुंची।

श्रद्धालुओं ने किया सेवा और स्वागत
गर्म मौसम को देखते हुए श्रद्धालु भगवान के स्वरूप को पंखा करते हुए साथ चले। कई स्थानों पर कूलर से शीतलता प्रदान की गई। मार्ग में शर्बत, मिल्क रोज, ठंडे पानी व प्रसाद की व्यवस्था की गई। रंगीन आतिशबाजी और पुष्प वर्षा के साथ जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत हुआ।

समिति ने निभाई जिम्मेदारी
कार्यक्रम में समिति के संरक्षक रतन लाल अग्रवाल, रामेश्वर चौधरी, सत्यनारायण घीवाला, डॉ. पुष्कर तिवाड़ी सहित अनेक गणमान्य नागरिक और संत उपस्थित रहे। संयोजक मनोज अग्रवाल, राधा गोविंद अग्रवाल, उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल समेत सभी पदाधिकारियों ने सेवा भाव से आयोजन को सफल बनाया।

आज वराह लीला, कल पाटोत्सव
शुक्रवार को वराह लीला का आयोजन किया जाएगा, जबकि शनिवार को श्री नृसिंह जी का वार्षिक पाटोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related