नीमराना में एलएनजी उपयोग पर जागरूकता कार्यक्रम, सस्ता और स्वच्छ ईंधन अपनाने का आह्वान
नीमराना से विशेष रिपोर्ट | 12 अगस्त 2025 | नरेश गुनानी
नीमराना में मंगलवार को तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम केंद्र सरकार के उपक्रम गेल इंडिया और राज्य सरकार के संयुक्त उपक्रम राजस्थान स्टेट गैस लिमिटेड (आरएसजीएल) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य लंबी दूरी के वाहनों, खासकर ट्रकों और भारी परिवहन साधनों में एलएनजी के लाभों की जानकारी ट्रांसपोर्टरों तक पहुंचाना था।

गेल इंडिया के कार्यकारी निदेशक कपिल कुमार जैन ने कहा कि एलएनजी एक सस्ता, टिकाऊ, आर्थिक और पर्यावरणीय दृष्टि से बेहतर विकल्प है। उन्होंने बताया कि नीमराना में एलएनजी स्टेशन की स्थापना से ट्रांसपोर्टरों को स्वच्छ और हरित ईंधन की सुविधा मिलेगी। “सरकार हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, और एलएनजी इसके लिए एक मजबूत विकल्प है,” उन्होंने कहा।
कार्यक्रम में कमलजीत सिंह ने एलएनजी तकनीक के लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह ईंधन न केवल कम लागत में उपलब्ध है, बल्कि इससे उत्सर्जन घटता है और परिचालन दक्षता बढ़ती है।
आरएसजीएल के प्रबंध निदेशक रणवीर सिंह ने बताया कि नीमराना में एलएनजी स्टेशन की स्थापना का कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने ट्रांसपोर्टरों और अन्य हितधारकों से एलएनजी को अपनाने की अपील की, ताकि परिवहन क्षेत्र में स्वच्छ ऊर्जा का प्रसार हो सके।
इस अवसर पर गेल से जयंत खुराना, आरएसजीएल से विवेक रंजन, दीप्तांशु पारीक, अतुल शुक्ला, नीमराना एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल कौशिक समेत बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्टर मौजूद रहे।
नीमराना की यह पहल न केवल परिवहन लागत घटाने में मदद करेगी, बल्कि प्रदूषण कम करने और टिकाऊ विकास की दिशा में भी अहम भूमिका निभाएगी।

