निसदिन गूंज रही महाराजा अग्रसेन की महाआरती, अग्र समाज उमंग के साथ ले रहा भाग
रायगढ़, 19 सितम्बर 2025, गणपत चौहान ब्यूरो चीफ़ छत्तीसगढ़, टेलीग्राफ टाइम्स ।
रायगढ़ शहर में इस वर्ष अग्रसेन जयंती महोत्सव 2025 का आयोजन अद्भुत भव्यता और आध्यात्मिक माहौल के साथ हो रहा है। श्री अग्रसेन जयंती आयोजन समिति की अभिनव पहल से 12 सितम्बर से शुरू हुआ यह महोत्सव 22 सितम्बर तक चलेगा। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह और शाम निर्धारित स्थानों व अग्रोहा भवन में महाराजा अग्रसेन और माता माधवी की महाआरती बड़े श्रद्धाभाव और उत्साह के साथ संपन्न हो रही है। आरती के समय पूरे परिसर में ‘‘जय श्री अग्रसेन महाराज’’ के जयकारे गूंजते हैं और वातावरण भक्तिमय हो उठता है।

दादी समिति की मनोहारी महाआरती
विगत दिवस दादी रानी सत्ती सेवा समिति की महिलाओं ने पारंपरिक राजस्थानी परिधान और श्रृंगार में सजकर महाआरती में भाग लिया। समिति की महिलाओं ने तेरह दादी की मनमोहक मूर्ति को फूल मालाओं से सजाया और पंक्तिबद्ध होकर जयकारों के साथ अग्रसेन जी की आरती के लिए अग्रोहा भवन पहुँचीं। राधा–कृष्ण के रूप में सजे बच्चों का मनमोहक नृत्य दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रहा था। 108 दीपों से की गई महाराजा अग्रसेन की महाआरती में मधुर भजनों की गूंज ने परिसर को दादीमय कर दिया। समिति से दर्शना सिंघल, आशा टाइटन, ममता-कमल अग्रवाल, संतोष चिराग, विनिता मित्तल, रोमी निगानिया, सुभाष चिराग, आनंद बेरीवाल, घनश्याम गुप्ता, अमित मोदी, कैलाश अग्रवाल, किरण पटवारी, मधु बोदिया, आशा एयरटेल, किरण मित्तल, हेमा अग्रवाल, विजय अग्रवाल और बजरंग बीके सहित बड़ी संख्या में सदस्य शामिल हुए।

श्याम महिला इकाई की पारंपरिक शोभा
18 सितम्बर की शाम श्याम महिला इकाई ने गौरीशंकर मंदिर से भव्य बाजे-गाजे और पारंपरिक परिधानों में सजधजकर अग्रोहा भवन तक शोभायात्रा निकाली। वहां पहुंचकर सभी सदस्यों ने परंपरागत रीति से महाराजा अग्रसेन व माता माधवी की पूजा-अर्चना की। इकाई से रमा देवी अग्रवाल, मंजू चिराग, ममता अग्रवाल, रिंकी केडिया, सरोज अग्रवाल, कंचन बेरीवाल, मंजू महमिया, रचना केडिया, सीमा चरक, मीना मित्तल, सुनीता अग्रवाल, नेहा अग्रवाल और सविता प्रतीक सहित अनेक महिलाओं ने भाग लिया।
बेरी गाँव की तर्ज पर शोभा यात्रा
19 सितम्बर की सुबह 9 बजे बेरीवाल परिवार ने बेरी गाँव की परंपरा के अनुसार शोभा यात्रा निकाली। गौरीशंकर मंदिर से शुरू हुई यह यात्रा भव्य बाजे-गाजे और जयकारों के साथ अग्रोहा भवन पहुँची। यहां सभी सदस्यों ने महाराजा अग्रसेन व माता माधवी की पूजा-अर्चना कर मधुर भजनों पर थिरकते हुए महाआरती में भाग लिया। नितिन बेरीवाल, पूजा बेरीवाल, संजय अग्रवाल, संजय मोदी, कन्हैया अग्रवाल, विकास कसेरा, कन्हैया बेरीवाल, सुरेश बेरीवाल, आशीष बेरीवाल, रेणु बेरीवाल, हेमलता अग्रवाल, सरिता गोयल, संगीता अमलडीया, ज्योति अमलडीया, नरेश अमलडीया, प्रभु अमलडीया सहित बड़ी संख्या में समाजजन यात्रा में शामिल हुए।
समाज से अपील
कार्यक्रम संयोजक सुनील अग्रवाल लेंध्रा ने अग्र समाज के सभी सदस्यों से सुबह व शाम 6 बजे होने वाली महाआरती में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पितृपक्ष के इस पावन अवसर पर कुलदेव महाराजा अग्रसेन जी की आराधना से पुण्य का लाभ प्राप्त होता है। आगामी 22 सितम्बर तक प्रतिदिन आयोजित हो रही महाआरती में सम्मिलित होकर समाजजन महोत्सव को सफल बनाने में अपना योगदान दें।
रायगढ़ का यह महोत्सव न केवल अग्र समाज की आस्था का प्रतीक है, बल्कि शहर में सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का सुंदर संदेश भी दे रहा है।