निवेश के नाम पर लाखों की ठगी: 4 साल से फरार आरोपी दीपक चौधरी गिरफ्तार
| गौरव कोचर
चोमू (जयपुर)। कैपिटल गेन वेंचर कंपनी में निवेश के नाम पर राशि दोगुनी करने का झांसा देकर लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के एक और मुख्य सदस्य को पुलिस ने दबोच लिया है। चोमू थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिछले करीब 4 साल से फरार चल रहे आरोपी दीपक चौधरी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
क्या था पूरा मामला?
घटना का खुलासा तब हुआ जब 6 जुलाई 2022 को परिवादी रामलाल गरेड (निवासी बिहारीपुरा, कालाडेरा) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त 2021 में आरोपियों ने उन्हें कैपिटल गेन वेंचर कंपनी और उसके CGB कॉइन के बारे में बताया। आरोपियों ने दावा किया था कि यदि वे इस कंपनी में निवेश करते हैं, तो मात्र एक वर्ष में उनकी राशि दोगुनी हो जाएगी। इस झांसे में आकर परिवादी और उनके रिश्तेदारों ने करीब 15 लाख रुपए निवेश कर दिए, जिसके बाद आरोपियों ने धोखाधड़ी की।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) हनुमान प्रसाद मीणा के निर्देशानुसार, फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस मामले में पूर्व में मुख्य आरोपी मनोज पटेल और कुम्भाराम चौधरी को गिरफ्तार किया जा चुका है।
लगातार पीछा कर रही पुलिस टीम ने कल दिनांक 09.02.2026 को दबिश देकर आरोपी दीपक चौधरी को दस्तयाब किया। गहन पूछताछ और अनुसंधान के बाद आरोपी को धारा 420, 409, और 120B IPC के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
- नाम: दीपक चौधरी (उम्र 32 वर्ष) पुत्र स्व. रतन बुगालिया
- निवासी: जाटो का मोहल्ला, डिग्गी (टोंक); हाल निवासी: पत्रकार कॉलोनी, जयपुर।
पुलिस टीम जिसने सफलता हासिल की:
हरबेन्द्र सिंह (थानाधिकारी), अशोक कुमार (उप निरीक्षक), रामावतार (कानि. 9488), सुमेर सिहं (कानि. 10035) एवं सुप्रीम (कानि. 10709)।
नोट: पुलिस अब आरोपी दीपक चौधरी से गिरोह के अन्य नेटवर्क और ठगी गई राशि की बरामदगी के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है।
