निजी क्षेत्र में रोजगार अवसरों को बढ़ावा देने के लिए “एच.आर. कॉन्क्लेव 2025” का आयोजन

निजी क्षेत्र में रोजगार अवसरों को बढ़ावा देने के लिए “एच.आर. कॉन्क्लेव 2025” का आयोजन

रिपोर्ट: सुनील शर्मा, टेलीग्राफ टाइम्स

_________________

– उप क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय एवं सुरेश ज्ञान विहार विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में हुआ आयोजन

जयपुर, 11 नवम्बर 2025। उप क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय, जयपुर एवं सुरेश ज्ञान विहार विश्वविद्यालय, जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय परिसर में एक दिवसीय “एच.आर. कॉन्क्लेव 2025” का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चिकित्सा शिक्षा विभाग के अतिरिक्त निदेशक नरेश गोयल रहे। मुख्य वक्ता के रूप में अरूण अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष, फोर्टी राजस्थान; जगदीश सोमानी, अध्यक्ष, वी.के.आई. एसोसिएशन; तथा अनाम कुमार, संस्थापक, वर्ल्ड ग्रोथ फोरम ने अपने विचार साझा किए।

फ़ोटो टेलीग्राफ टाइम्स

मुख्य अतिथि नरेश गोयल ने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए कौशल विकास पर विशेष ध्यान देना चाहिए तथा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रशिक्षण आवश्यक है। सुरेश ज्ञान विहार विश्वविद्यालय के निदेशक अरूणांशु हलदर ने कहा कि वर्तमान समय में निजी क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएँ हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजन शिक्षण संस्थानों और उद्योग जगत के मध्य संवाद स्थापित करने का सेतु बनते हैं।

उप निदेशक नवरेखा ने “एच.आर. कॉन्क्लेव 2025” की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि राज्य सरकार के कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग की कार्ययोजना के तहत रोजगार विभाग समय-समय पर कैंपस प्लेसमेंट एवं रोजगार मेलों का आयोजन कर बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए निजी संस्थानों एवं रोजगार विभाग के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है।

फ़ोटो टेलीग्राफ टाइम्स

कॉन्क्लेव के दौरान आई.टी., मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमोबाइल, सेल्स/मार्केटिंग, जेम्स एंड ज्वैलरी, होटल, हॉस्पिटल, फाइनेंस, बैंकिंग, इंजीनियरिंग एवं इंश्योरेंस जैसे प्रमुख क्षेत्रों के एच.आर. मैनेजरों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर सुझाव एवं अनुभव साझा किए।

अरूण अग्रवाल ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था में निजी क्षेत्र का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है और भारत के युवाओं में असीम संभावनाएँ हैं। जगदीश सोमानी ने कहा कि निजी क्षेत्र ने युवाओं के प्रवासन को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने हेतु उद्योग जगत और युवाओं का सहयोग आवश्यक है। अनाम कुमार ने युवाओं को आधुनिक तकनीक के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर बल दिया।

कार्यक्रम में विभिन्न निजी क्षेत्रों से जुड़े एच.आर. मैनेजरों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। सभी ने आयोजन की उपयोगिता की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे संवादात्मक कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन पर बल दिया। कार्यक्रम की सफलता में सुरेश ज्ञान विहार विश्वविद्यालय, जयपुर के दीप गाथुर एवं किंगशुख मुखर्जी का विशेष योगदान रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related