निजी अस्पताल में विवाहिता की संदिग्ध मौत पर हंगामा, परिजनों ने लगाया चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप
अजमेर, 24 अगस्त। रिपोर्ट हरि प्रसाद शर्मा पुष्कर।संपादन नरेश गुनानी।टेलीग्राफ टाइम्स
शहर के वैशाली नगर स्थित समर्पण हॉस्पिटल में शनिवार को एक विवाहिता की ऑपरेशन के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाए।
मृतका की पहचान नीतू कंवर (23) पत्नी राम सिंह राठौड़, निवासी थांवला, तहसील परबतसर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, नीतू को मामूली गांठ की समस्या के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन से पहले वह पूरी तरह स्वस्थ थी और सामान्य बातचीत कर रही थी, लेकिन ऑपरेशन के बाद अचानक उसकी हालत बिगड़ गई और वह चल बसी।
परिजनों का आरोप है कि यह मौत अस्पताल प्रशासन और डॉक्टर की सीधी लापरवाही का नतीजा है। उनका कहना है कि गलत इलाज, इंजेक्शन और दवाइयों के कारण नीतू ने दम तोड़ा। मृतका के परिजनों ने संबंधित डॉक्टर का लाइसेंस रद्द करने और अस्पताल को सील करने की मांग उठाई।
मौत की खबर फैलते ही नीतू के पीहर और ससुराल पक्ष से सैकड़ों लोग अस्पताल पहुंच गए। भीड़ ने जमकर नारेबाजी की और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मौके पर चार थानों का जाप्ता तैनात किया। प्रदर्शनकारियों ने जबरन अस्पताल में प्रवेश करने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस और परिजनों के बीच तीखी बहस भी हुई। हालांकि समझाइश के बाद लोगों को बाहर निकाला गया और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
प्रदर्शनकारी परिजन मृतका का शव लेने से भी इंकार कर रहे हैं और न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं। नीतू की शादी तीन साल पहले राम सिंह राठौड़ से हुई थी, जो कि ट्रैवल व्यवसायी हैं। उनके घर में ढाई साल की बेटी भी है। नीतू की अचानक हुई मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। हालांकि, अभी तक हॉस्पिटल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की शिकायत दर्ज की गई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। यदि चिकित्सकीय लापरवाही साबित होती है तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।