निगम क्षेत्र में नई जुड़ी कॉलोनियों में सफाई व्यवस्था की होगी सघन मॉनिटरिंग, सार्वजनिक शौचालयों के सुधार और आवारा पशुओं की रोकथाम के कड़े निर्देश

अजमेर/ नरेश गुनानी/नगर निगम क्षेत्र में परिसीमन के बाद शामिल हुई नई कॉलोनियों में नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निगम प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। महापौर अनामिका शर्मा ने शहर की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता पर रखने और व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। बैठक में तकनीकी अधिकारियों की उपस्थिति में सफाई, स्वच्छता ढांचे, आवारा मवेशियों और बंदरों की रोकथाम सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से समीक्षा की गई।

​नई जुड़ी कॉलोनियों में सफाई और ट्रिपर व्यवस्था पर रहेगा विशेष फोकस

परिसीमन के तहत निगम सीमा में शामिल किए गए काजीपुरा, रावत नगर, पीपली चौक, न्यू गोटा कॉलोनी, कृष्णा विहार और वरुण सागर रोड की कॉलोनियों में सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ठोस रणनीति बनाई गई है। महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इन क्षेत्रों में सफाई कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति और कचरा संग्रहण के लिए चलने वाले ऑटो ट्रिपर के फेरों की कड़ी निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि नए क्षेत्रों में किसी भी स्तर पर सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

​शहर से गोवंश हटाने तथा बंदरों व कुत्तों को पकड़ने के निर्देश

शहरी क्षेत्र और मुख्य मार्गों पर यातायात में बाधक बन रहे बेसहारा गोवंश को हटाने के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही आमजन को राहत देने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न इलाकों में आवारा कुत्तों और बंदरों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया, जिससे सड़क हादसों और राहगीरों पर होने वाले हमलों पर अंकुश लगाया जा सके।

​सार्वजनिक शौचालयों का होगा सर्वे, तुरंत दूर होंगी कमियां

शहर के सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति सुधारने के लिए नगर निगम व्यापक स्तर पर सर्वे कराएगा। बैठक में निर्देश दिए गए कि बंद पड़े शौचालयों को तत्काल शुरू कराया जाए। साथ ही जहां भी टूटे नल, हैंडवॉश की अनुपलब्धता, पानी की किल्लत या जर्जर भवन जैसी समस्याएं हैं, उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। शहर के सभी सार्वजनिक और पिंक टॉयलेट्स साफ-सुथरे, सुव्यवस्थित और आम नागरिकों के उपयोग योग्य बने रहने चाहिए। मुंदड़ी मोहल्ला में निर्माणाधीन पिंक टॉयलेट के कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई और इसे समयसीमा में पूर्ण करने को कहा गया।

​सड़क, नाली और पेयजल से जुड़े कार्यों का नियमित निरीक्षण अनिवार्य

महापौर अनामिका शर्मा ने कहा कि सड़क, नाली, पेयजल और स्वच्छता से सीधे तौर पर आम नागरिक प्रभावित होते हैं। ऐसे में अधिकारियों को दफ्तरों से निकलकर फील्ड में नियमित निरीक्षण करना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में आ रही रुकावटों को तुरंत दूर किया जाए ताकि शहरवासियों को एक स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण मिल सके। बैठक में निगम के तकनीकी अधिकारी भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related