निकाय चुनाव 2026: प्रथम चरण के मतदान के लिए भवानी निकेतन से मतदान दल रवाना, 18 निकायों के 565 बूथों पर कल वोटिंग

​9 सितंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक डाले जाएंगे वोट​शाहपुरा व चौमूं नगर परिषद समेत 16 नगरपालिकाओं के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना​जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने दिए स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के सख्त निर्देश

सुनील शर्मा 

​जयपुर /8 सितंबर 2026/नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के तहत 9 सितंबर को होने वाले मतदान के लिए मंगलवार को जयपुर जिले के सभी संबंधित मतदान दलों को रवाना कर दिया गया। जिले की 2 नगर परिषदों और 16 नगरपालिकाओं के कुल 565 मतदान केंद्रों के लिए नियुक्त पोलिंग पार्टियों को सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी से आवश्यक चुनावी सामग्री व वाहनों के साथ गंतव्य के लिए रवाना किया गया। प्रथम चरण का मतदान बुधवार, 9 सितंबर को सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक चलेगा।

​निर्भीक और निष्पक्ष चुनाव कराना नैतिक दायित्व: संदेश नायक

रवानगी स्थल पर मतदान कार्मिकों को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) संदेश नायक ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराना पूरी प्रशासनिक मशीनरी की नैतिक जिम्मेदारी है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा सौंपे गए इस दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, निर्भीकता और निष्पक्षता के साथ किया जाना चाहिए।

​उन्होंने सभी पीठासीन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने पोलिंग बूथ पर पहुंचते ही भवन का गहनता से निरीक्षण करें और तय ‘मॉडल मतदान केंद्र ले-आउट’ के अनुसार ही केंद्र की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

​ईवीएम और सुरक्षा को लेकर कड़े दिशा-निर्देश

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान कक्ष में तकनीकी और व्यवस्थागत सतर्कता बरतने के निर्देश दिए:

  • ​बैलेट यूनिट को वोटिंग कंपार्टमेंट में एक उपयुक्त मेज पर ही रखा जाए।
  • ​वोटिंग कंपार्टमेंट और कंट्रोल रूम के बीच पर्याप्त व सुरक्षित दूरी हो।
  • ​कंट्रोल यूनिट को बैलेट यूनिट से जोड़ने वाली केबल मतदान प्रक्रिया में बाधा न बने और कोई भी मतदाता इसके साथ छेड़छाड़ न कर सके।
  • ​वोटिंग मशीन किसी भी खिड़की या दरवाजे के समीप न रखी जाए, जिससे गोपनीयता भंग न हो।
  • ​मतदाताओं के सुगम आवागमन के लिए कक्ष में प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्ते सुनिश्चित किए जाएं।

​इन 18 निकायों के 565 बूथों पर होगा मतदान

प्रथम चरण में जिले की 2 नगर परिषदों—शाहपुरा व चौमूं, तथा 16 नगरपालिकाओं—मनोहरपुर, फुलेरा, सांभर, जोबनेर, खेजरोली, जमवारामगढ़, नारायणा, किशनगढ़-रेनवाल, बगरू, कालाडेरा, दूदू, चाकसू, फागी, वाटिका, कानोता और बस्सी के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं। सभी मतदान दलों को निर्धारित शेड्यूल के अनुसार अलग-अलग पारियों में बुलाया गया, जहां उन्हें जरूरी निर्वाचन सामग्री का वितरण किया गया और अंतिम प्रशिक्षण देकर संबंधित क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।

​प्रशासनिक अमला रहा मुस्तैद

भवानी निकेतन में रवानगी के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) राजीव द्विवेदी, अतिरिक्त जिला कलक्टर (द्वितीय) युगांतर शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (तृतीय) देवयानी, अतिरिक्त जिला कलक्टर (चतुर्थ) आशीष कुमार सहित निर्वाचन से जुड़े अन्य अधिकारी और कर्मचारी व्यवस्थाएं संभालते नजर आए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related

अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र: सड़कों के विकास के लिए 4.24 करोड़ रुपये की सौगात, विधानसभा अध्यक्ष के प्रयासों को मिली गति

अजमेर/ नरेश गुनानी/राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के निरंतर...