जयपुर को मिली हिमालयन भालुओं की नई सौगात
| नरेश गुनानी
जयपुर । गुलाबी नगरी के नाहरगढ़ जैविक उद्यान (नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क) में पर्यटकों के लिए एक नया रोमांच जुड़ गया है। अब यहां आने वाले वन्यजीव प्रेमी जम्मू-कश्मीर की वादियों से आए हिमालयन काले भालुओं की जोड़ी का दीदार कर सकेंगे। गुरुवार को वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने औपचारिक रूप से एनक्लोजर का उद्घाटन कर इन्हें आमजन के अवलोकन के लिए समर्पित किया।
जम्मू से जयपुर पहुंचे ‘हरि’ और ‘कमला’
जम्मू से लाए गए इस जोड़े में नर भालू की उम्र लगभग 30 माह और मादा की आयु 21 माह है। लोकार्पण के विशेष अवसर पर मंत्री संजय शर्मा ने इनका नामकरण भी किया। नर भालू का नाम ‘हरि’ और मादा भालू का नाम ‘कमला’ रखा गया है। दोपहर सवा बारह बजे एनक्लोजर का फीता कटते ही इन नए मेहमानों को उनके डिस्प्ले एरिया में छोड़ा गया, जो वहां मौजूद पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन गए।
बाघिन ‘रानी’ के पांच शावकों का भी हुआ नामकरण
कार्यक्रम के दौरान नाहरगढ़ जैविक उद्यान में उत्साह तब और बढ़ गया जब बाघ शिवाजी और बाघिन रानी के पांच नन्हे शावकों को भी उनकी पहचान मिली। मंत्री ने इन शावकों के साहसी और सांस्कृतिक नाम रखे:
- नर शावक: सूर्या, शौर्य और विजय।
- मादा शावक: अम्बे और वृंदा।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश और पौधरोपण
उद्घाटन और नामकरण के पश्चात मंत्री संजय शर्मा ने उद्यान परिसर में पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों का संरक्षण और हरित क्षेत्र का विस्तार हमारी प्राथमिकता है। इस दौरान वन विभाग के आला अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें:
- अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद कुमार
- प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन बल प्रमुख) पवन कुमार उपाध्याय
- मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक के.सी.ए अरुण प्रसाद
उद्यान प्रशासन का मानना है कि इन नए वन्यजीवों के आने से नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में पर्यटकों की संख्या में बड़ा इजाफा होगा, विशेषकर गर्मियों की छुट्टियों से पहले यह जयपुर के पर्यटन के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
