नारिशक्ति के सावनोत्सव में लवजीत बनीं ‘सावन सुंदरी’
माँ के नाम लगाया वटवृक्ष, छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का लिया आनंद
रिपोर्ट: टेलीग्राफ टाइम्स छत्तीसगढ़
By : गणपत चौहान
टेलीग्राफ टाइम्स
अगस्त 05,2025
बिलासपुर। स्थानीय विकास नगर 27 खोली बाजपेयी परिषद में मंगलवार को नारिशक्ति छत्तीसगढ़ संस्था द्वारा सावन उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। संस्था की अध्यक्ष डॉ. उषा किरण बाजपेयी ने सभी बहनों को सावन उत्सव की शुभकामनाएँ देते हुए उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने अपने संबोधन में प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए प्रत्येक महिला को अपनी माँ के नाम या जन्मदिन पर एक वृक्ष लगाने का संकल्प दिलवाया। इसी कड़ी में सभी बहनों ने माँ के नाम वट वृक्ष का रोपण किया और संस्था की सदस्य श्रीमती इंदिरा चौधरी ने सभी को एक-एक चंदन का पौधा भेंट किया।

सावन सुंदरी प्रतियोगिता में लवजीत शर्मा का जलवा
कार्यक्रम में सावन का झूला सजाकर सभी बहनों ने पारंपरिक गीतों के साथ आनंद लिया। सावन सुंदरी चयन के लिए तीन प्रतिभागियों में से लकी ड्रॉ के माध्यम से लवजीत शर्मा को विजेता घोषित किया गया। उन्हें सावन झूले तक ले जाकर ताज पहनाया गया और सामूहिक रूप से सावनी गीत “क्या जाने कोई, क्या जाने मुझे श्याम संग प्रीत” प्रस्तुत किया गया।

रोचक प्रतियोगिताएँ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ
सावन उत्सव में कई रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। समय पर आने और अनुशासन के लिए आयोजित ‘पुस्तक सिर पर रख बेलेंस वॉक’ प्रतियोगिता की विजेता श्रीमती इंदिरा चौधरी रहीं। बिंदी गेम में प्रथम स्थान पर परवीन, द्वितीय स्थान पर रुचि त्रिवेदी और तृतीय स्थान पर लवजीत शर्मा रहीं। सावनी गीत प्रतियोगिता में श्रीमती श्रद्धा तिवारी विजेता रहीं, जबकि नृत्य प्रतियोगिता में लवजीत शर्मा ने पहला स्थान प्राप्त किया। निर्णायक की भूमिका श्रीमती मंजु पाटनी और श्रीमती सरिता मिश्रा ने निभाई।
कार्यक्रम के दौरान “मोर बर ले दे न राजा लाली लुगरा”, “काला काला चश्मा”, “मेघा रे मेघा”, “टिप टिप बरसा पानी” जैसे गीतों पर बहनों ने रंगारंग नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को उत्सवमय बना दिया।
सफल संचालन और आभार
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. उषा किरण बाजपेयी ने किया और आभार प्रदर्शन डॉ. रश्मि बाजपेयी ने किया। सावन उत्सव में त्रिवेणी भोई, श्रद्धा तिवारी, इंदिरा चौधरी, किरण शुक्ला, जावेदा परवीन, डॉ. संधिया तिवारी, प्रीति मिश्रा, सरिता मिश्रा, लवजीत शर्मा, रुचि तिवारी, कामिनी पांडेय, शिरोमणी ठाकुर, ममता मिश्रा, मंजु पाटनी, प्रीति तिवारी, मृदुला अवस्थी, हर्षा बाजपेयी, माया चंद्राकर, वर्षा राजपूत, पार्वती सिंह सहित बड़ी संख्या में महिलाएँ शामिल हुईं।
अंत में सभी बहनों ने एक साथ फलाहार और पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का आनंद लिया और सावन के उल्लास को और भी यादगार बना दिया।