नागरिक सड़क सुरक्षा समिति और नगर के बुद्धिजीवी नागरिकों के साथ यातायात पुलिस बिलासपुर की विशेष विचार गोष्ठी एवं बैठक
रिपोर्ट: टेलीग्राफ टाइम्स छत्तीसगढ़
By : गणपत चौहान
टेलीग्राफ टाइम्स
अगस्त 01,2025
🔹 यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने सभी उपस्थित बुद्धिजीवियों से सामाजिक सरोकार में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील
🔹 सरल, सुगम और सुव्यवस्थित आवागमन हेतु जन-जन को जागरूक करने में विभागीय प्रयास के साथ जनसहभागिता पर जोर
बिलासपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सरल और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से लगातार विभिन्न सुधारात्मक प्रयास और जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा समिति के सदस्यों, नगर के बुद्धिजीवी नागरिकों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ एक विशेष विचार गोष्ठी और बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे ने जिले में बढ़ते यातायात दबाव और नियमों की अनदेखी से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल दंड से बचने का साधन नहीं, बल्कि यह हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने सभी प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की कि वे समाज में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
उन्होंने बताया कि शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों को यातायात नियमों की शिक्षा देने के साथ-साथ नगर के हर मोहल्ले और कॉलोनी में ‘यातायात-मुहल्ला जागरूकता कार्यक्रम’ आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को यातायात के प्रति संवेदनशील, सजग और जिम्मेदार बनाने का प्रयास होगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नगर के प्रत्येक वार्ड और कॉलोनी में पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही, यातायात नियमों के उल्लंघन की रोकथाम के लिए प्रचार-प्रसार और सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। सभी दीर्घकालिक सदस्यगणों को इस दिशा में विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, असीतपाल सिंह, श्रीमती रेखा गुल्ला, राजकुमार सुखवानी, श्रीमती सपना सराफ, मदन मोहन गुल्ला, श्रीमती शैफाली घोष, श्रीमती पूनम पांडे, पुष्पा साहू, राजेश पांडेय, श्रीमती लता गुप्ता, अनूप कुमार पांडे समेत अन्य सदस्यगण और 100 से अधिक प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि जनसहयोग से बिलासपुर में सुरक्षित और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था स्थापित की जा सकेगी।

