जोधपुर / जयपुर:/लोकेंद्र सिंह शेखावत/‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान के तहत रविवार को जोधपुर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअली जुड़कर देश की युवाशक्ति को संबोधित किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं और नागरिकों को नशा मुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर राजस्थान जीव जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई, जोधपुर शहर विधायक अतुल भंसाली, पूर्व राज्यसभा सांसद पद्म भूषण डॉ. नारायण सिंह माणकलाव तथा पूर्व राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत की गरिमामयी उपस्थिति रही।
100 सप्ताह तक चलेगा सतत जन भागीदारी आंदोलन
’विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा संकल्प अभियान’ को 100 सप्ताह के सतत जन आंदोलन के रूप में परिकल्पित किया गया है। आगामी 100 सप्ताहों तक हर रविवार को स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने, सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने और युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करने के उद्देश्य से देशभर में विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
विभिन्न रचनात्मक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन
अभियान के तहत आयोजित होने वाली साप्ताहिक गतिविधियों में खेल प्रतियोगिताएं, पैदल मार्च, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कला व रचनात्मक प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक और व्यापक जागरूकता अभियान शामिल होंगे। इन प्रयासों का मुख्य उद्देश्य समाज में सकारात्मक मूल्यों को बढ़ावा देना और मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
युवाओं की निरंतर सहभागिता बनाए रखने और उनके उत्कृष्ट प्रयासों को सराहने के लिए अभियान के 50वें, 75वें और 100वें सप्ताह के पड़ाव पर विशेष योगदान देने वाले स्वयंसेवकों व संगठनों को सम्मानित भी किया जाएगा।